राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के नेता बालेंद्र शाह आज यानी शुक्रवार को नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। वे देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बनेंगे। इससे पहले गुरुवार को संसद के अस्थायी भवन में आयोजित समारोह में प्रतिनिधि सभा के नवनिर्वाचित सांसदों ने शपथ ग्रहण की।
नेपाली के साथ-साथ अपनी मातृभाषाओं में सांसदों ने ली शपथ
प्रतिनिधि सभा के वरिष्ठ सदस्य अर्जुन नरसिंह केसी ने सांसदों को शपथ दिलाई। इनमें से 63 सांसदों ने नेपाली के साथ-साथ अपनी मातृभाषाओं में भी शपथ ली। संघीय संसद सचिवालय ने दलों की सीटों के आधार पर बैठने की व्यवस्था की, जिसके तहत नेपाली कांग्रेस, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा) के सांसदों को एक ही पंक्ति में स्थान दिया गया। शपथ ग्रहण के लिए सांसद पारंपरिक वेशभूषा में सिंहदरबार पहुंचे।
पार्टी के प्रवक्ता ने दी ये जानकारी
आरएसपी की केंद्रीय समिति ने संसदीय दल के गठन के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। पार्टी के प्रवक्ता और सांसद मनिष झा ने बताया कि बैठक में बालेंद्र शाह को संसदीय दल का नेता चुने जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
शपथ के एक दिन पहले बालेंद्र शाह ने जारी किए अपना नया गीत
शपथ ग्रहण से एक दिन पहले बालेंद्र शाह ने अपना नया गीत “जय महाकाली” जारी किया। इस गीत के वीडियो में उनके चुनाव प्रचार के दृश्य शामिल हैं और इसका उद्देश्य देशभक्ति व राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है। यूट्यूब पर जारी होने के दो घंटे के भीतर ही इसे करीब 1.5 लाख बार देखा गया।
182 सीट पर जीत हासिल की थी पार्टी
बता दें कि 5 मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव में आरएसपी ने 182 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। पार्टी ने पहले ही बालेंद्र शाह को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया था।
Written By Toshi Shah