मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार की देर रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। देवगुराड़िया इलाके के नेमावर रोड पर भूसे से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बारातियों से भरी वैन को जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी भयानक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मातम में बदलीं खुशियां
हादसे का शिकार हुए सभी लोग इंदौर के सदर बाजार इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग आष्टा में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद खुशी-खुशी इंदौर लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर पहुँचने से ठीक पहले मौत उनका रास्ता रोके खड़ी है। मृतकों की पहचान इरफान, आशिर और फरहान के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य की शिनाख्त की जा रही है।
हादसे के बाद भारी हंगामा और चक्काजाम
जैसे ही हादसे की खबर फैली, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों और परिजनों ने नेमावर रोड पर चक्काजाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि इस रोड पर आए दिन तेज रफ्तार गाड़ियों की वजह से मौतें होती हैं, लेकिन प्रशासन सुध नहीं ले रहा है। पुलिस को हालात संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अस्पताल में मची हाहाकार
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए इंदौर के एमवाय (MY) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घायलों में कई की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है।
तेज रफ्तार बनी काल
मिनी ट्रक की रफ्तार बहुत ज्यादा थी। ट्रक चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सीधे सामने से आ रही वैन को टक्कर मार दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Written by: Anushka sagar