पुडुचेरी की राजनीति के अनुभवी नेता और ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के संस्थापक एन. रंगासामी ने बुधवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह उनका पांचवां कार्यकाल है। राज निवास में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रंगासामी ने भगवान के नाम पर शपथ ली।
दो अन्य विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ
इस मौके पर उनके साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के दो अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें क्षेत्रीय पार्टी के मल्लाडी कृष्णा राव और भारतीय जनता पार्टी के ए. नमस्सिवयम शामिल हैं। मल्लाडी कृष्णा राव ने तेलुगु भाषा में शपथ ग्रहण किया। वे यानम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो आंध्र प्रदेश की सीमा से सटा पुडुचेरी का हिस्सा है।
समारोह में नितिन नबीन रहें मौजूद
समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और वरिष्ठ नेता बी. एल. संतोष भी मौजूद रहे। यह नई सरकार 9 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों के परिणामों के बाद बनी है, जिसमें एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन ने बहुमत हासिल किया था। इसी जीत के साथ गठबंधन ने सत्ता में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने औपचारिक रूप से नियुक्त किया था सीएम
चुनाव अभियान के दौरान रंगासामी की जनकल्याणकारी छवि और केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय को प्रमुख मुद्दों के रूप में पेश किया गया था। चुनाव परिणामों के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद पर नियुक्त किया। पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनना उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है।
Written By Toshi Shah