पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय ने मुंबई से हावड़ा (कोलकाता) के बीच दो अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का उद्देश्य खासकर उन यात्रियों को सुविधा देना है, जो काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं और चुनाव के दौरान अपने गृह राज्य जाकर मतदान करना चाहते हैं। इसके अलावा, रेलवे का कहना है कि गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी यह कदम उठाया गया है।
मुंबई–हावड़ा के बीच विशेष ट्रेनें
लोकमान्य तिलक टर्मिनस (कुर्ला, मुंबई) से हावड़ा के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी
ट्रेन संख्या 01145 (LTT–हावड़ा स्पेशल)
यह ट्रेन मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को रात 20:15 बजे मुंबई से रवाना होगी और तीसरे दिन गुरुवार, 16 अप्रैल 2026 को सुबह 06:00 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 01146 (हावड़ा–LTT स्पेशल)
यह ट्रेन गुरुवार, 16 अप्रैल 2026 को दोपहर 14:45 बजे हावड़ा से चलेगी और शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 की रात 23:45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
बीच के प्रमुख ठहराव
इन स्पेशल ट्रेनों का मार्ग में कुल 17 स्टेशनों पर ठहराव होगा, जिनमें ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, अकोला, बड़नेरा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर और संतरागाछी शामिल हैं।
कोच संरचना
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में विभिन्न श्रेणियों के डिब्बे लगाए गए हैं:
- 2 कोच एसी 2-टियर
- 9 कोच एसी 3-टियर
- 3 स्लीपर क्लास
- 4 जनरल सेकंड क्लास
- 1 सेकंड सीटिंग कम गार्ड ब्रेक वैन
- 1 जनरेटर वैन
टिकट बुकिंग की जानकारी
ट्रेन संख्या 01145 के लिए टिकट बुकिंग 12 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। यात्री कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों या IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। अनारक्षित डिब्बों के लिए टिकट सामान्य किराए पर UTS प्रणाली से उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, यात्री RailOne ऐप का उपयोग कर सकते हैं और विस्तृत समय-सारणी की जानकारी NTES ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
Written By Toshi Shah