सीएम योगी ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र में संयुक्त रूप से जेवर एयरपोर्ट तक संचालित होने वाली UPSRTC की 45 इलेक्ट्रिक बसों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत के साथ ही, मुख्यमंत्री ने नए नोएडा बस डिपो का भी उद्घाटन किया।
नोएडा सेक्टर-90 बस डिपो से चलेंगी बसें
नई इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, 100 इलेक्ट्रिक बसें तैनात की गई हैं और सेक्टर-90 बस डिपो से चलने के लिए तैयार हैं।
15 जून से शुरू होंगी बसें
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर जनपद के अंदर एक बड़े लक्ष्य को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। आज आपको नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में परिवर्तन देखने को मिल रहा होगा। पहले तो प्रदेश में अराजकता पूर्ण वातावरण था। प्रदेश के अंदर चारों ओर अव्यवस्था, अराजकता के वातावरण में प्रदेश के नागरिकों के सामने पहचान का एक संकट खड़ा हुआ था।
'प्रदेश के कई जिलों में एयरपोर्ट'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि आप सोचो ना... कभी त्रेता युग में भगवान श्री राम पुष्पक विमान से अयोध्या आए होंगे। इसके बाद कभी अयोध्या वासियों को वायु सेवा प्राप्त नहीं हो पाई होगी। आज अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर के तैयार है। महर्षि वाल्मीकि को समर्पित एयरपोर्ट अयोध्या में अच्छे से संचालित हो रहा है। लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट, काशी में इंटरनेशनल एयरपोर्ट, कुशीनगर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नोएडा जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट है।
Written By: Geeta Sharma