ओडिशा के बालेश्वर जिले एक हैरान कर देने वाला खबर सामने आई, जिसने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यह पूरा मामला खैरा थाना क्षेत्र के तुड़ीगड़िया बाजार का है। जहां बदमाशों ने एटीएम कियोस्क को थार से बांधकर घसीटते हुए उखाड़ ले गए। वहीं पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

देर रात बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया

जानकारी के अनुसार, यह वारदात शनिवार तड़के करीब 2 बजे हुई। बताया जा रहा है कि 5 से अधिक बदमाश काले रंग की थार में सवार होकर एटीएम कियोस्क पहुंचे। उन्होंने पहले वाहन की मदद से एटीएम मशीन को रस्सी या मजबूत पट्टे से बांधा। इसके बाद कियोस्क का गेट तोड़ा और पूरी मशीन को उसकी जगह से उखाड़ लिया। फिर एटीएम को थार से घसीटते हुए घटनास्थल से ले गए। इस दौरान किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की और बदमाश आसानी से फरार हो गए। बदमाश एटीएम मशीन को एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उन्होंने उसे तोड़कर अंदर रखी नकदी निकाल ली। नकदी निकालने के बाद मशीन को बीच सड़क पर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त एटीएम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में हुआ कैद

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में बदमाशों को एटीएम मशीन को थार से बांधकर घसीटते हुए ले जाते देखा जा सकता है। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

यह स्पष्ट नहीं कि एटीएम में कितनी नकदी मौजूद

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एटीएम में कितनी नकदी मौजूद थी और बदमाश कितनी रकम लेकर फरार हुए। पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर मशीन में मौजूद नकदी का हिसाब लगा रही है। इसके बाद ही चोरी गई कुल राशि की आधिकारिक जानकारी सामने आ सकेगी।

घटना से आसपास के इलाकों में भय का माहौल

घटना के बाद तुड़ीगड़िया बाजार और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में चोरी और लूट की कई घटनाएं सामने आई हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर छोड़ी गई एटीएम मशीन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Written By: Geeta Sharma