मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) (LSG) के बीच सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2026 का 47वां मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए जीत जरूरी हो गई है। मौजूदा स्थिति में दोनों ही टीमें अंक तालिका के निचले हिस्से में संघर्ष कर रही हैं।

लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन निराशाजनक

लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन इस सीजन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने अपने 8 में से 6 मुकाबले गंवा दिए हैं और वह लगातार पांच हार की मुश्किल स्थिति से गुजर रही है। पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्हें सुपर ओवर में करीबी हार का सामना करना पड़ा, जिसने टीम के मनोबल को और प्रभावित किया। कप्तान ऋषभ पंत के नेतृत्व वाली इस टीम की सबसे बड़ी कमजोरी लगातार खराब बल्लेबाजी रही है, जबकि गेंदबाजों ने कई मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उन्हें पर्याप्त समर्थन नहीं मिल पाया है। मोहसिन खान की बेहतरीन गेंदबाजी भी पिछले मैच में टीम को जीत नहीं दिला सकी और कुछ फैसलों ने भी मुकाबले का रुख बदल दिया।

मुंबई इंडियंस का हाल भी कुछ बेहतर नहीं

दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस का हाल भी कुछ बेहतर नहीं रहा है। टीम ने अब तक 9 में से 7 मैच हारे हैं और वह अंक तालिका में 9वें स्थान पर मौजूद है। मुंबई की टीम इस मैच में लगातार तीन हार के बाद उतर रही है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली बड़ी हार भी शामिल है। टीम का प्रदर्शन इस सीजन अस्थिर रहा है, जहां प्रमुख खिलाड़ियों जैसे जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पंड्या से निरंतरता देखने को नहीं मिली है। साथ ही रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी ने टीम की बल्लेबाजी को और कमजोर किया है।

दोनों टीम में 8 बार खेला जा चुका है मैच

दोनों टीमों के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में 8 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 6 बार जीत हासिल की है। खास बात यह है कि वानखेड़े स्टेडियम में भी LSG का रिकॉर्ड मुंबई के खिलाफ बेहतर रहा है।

 

Written By Toshi Shah