भारत और पाकिस्तान के बीच जब भी मुकाबला होता है, रोमांच अपने चरम पर पहुंच जाता है। चाहे बात भारत और पाकिस्तान के बीच हुए क्रिकेट मैच की हो या फिर चाहे हॉकी की। आज यानी 19 अगस्त को हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेला जाएगा और भारतीय समय के मुताबिक शाम 6:30 बजे शुरू होगा।
दोनों टीमों के लिए बेहद अहम मुकाबला
पूल डी में भारत ने अपने पहले मैच में वेल्स को 3-1 से हराया था, लेकिन दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 2-4 से हार मिली। वहीं पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा और वेल्स के खिलाफ मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा। ऐसे में आज का मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत के पास फिलहाल तीन अंक हैं और पाकिस्तान के खाते में एक अंक है। भारत को अगले दौर में पहुंचने के लिए कम से कम ड्रॉ की जरूरत है, जबकि पाकिस्तान के लिए जीत बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें:भारत-बांग्लादेश के बीच गंगा जल संधि फिर तनातनी, अनी का भारत पर पानी के लिए दबाव बनाने की तैयारी
16 साल बाद वर्ल्ड कप में आमना-सामना
भारत और पाकिस्तान की टीमें हॉकी वर्ल्ड कप में करीब 16 साल बाद आमने-सामने होंगी। दोनों का आखिरी वर्ल्ड कप मुकाबला 2010 में हुआ था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था। वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक पांच मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने तीन और पाकिस्तान ने दो मैच जीते हैं।
भारत का पलड़ा कितना भारी?
हालिया मुकाबलों की बात करें तो भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा है। जून 2026 में एफआईएच प्रो लीग में भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से हराया था। इससे पहले भी भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से मात दी थी। अब पाकिस्तान की कोशिश वर्ल्ड कप में इस हार का बदला लेने की होगी। आज का मुकाबला सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं, बल्कि दोनों देशों की पुरानी हॉकी प्रतिद्वंद्विता का नया अध्याय होगा। भारत जीत के साथ अगले दौर में अपनी जगह पक्की करना चाहेगा, जबकि पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला विश्व कप में बने रहने की आखिरी बड़ी उम्मीद है।
Written By: Shivani Gupta