उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य (The Aranya) हाईराइज सोसाइटी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग की वजह एयर कंडीशनर (AC) में हुए ब्लास्ट को बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसकी लपटें आसपास के कम से कम दो फ्लैटों तक पहुंच गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ऊंची इमारत से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा है।

मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियां

यह घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अरण्य सोसाइटी की है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पहुंच गईं और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के फ्लैटों को खाली कराया गया।

कैसे लगी आग?

जांच में माना जा रहा है कि AC में तकनीकी खराबी के कारण ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरे फ्लैट में फैल गई। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

मुख्यमंत्री योगी ने घटना पर लिया संज्ञान

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसका संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए हैं। साथ ही प्रशासन को पूरे मामले की निगरानी करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

मामले की जांच जारी

फिलहाल दमकल विभाग की टीम पूरी तरह सतर्क है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। घटना के कारणों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग वास्तव में AC ब्लास्ट के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी वजह थी।

Written By: Geeta Sharma