पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों टीएमसी के भीतर बढ़ते असंतोष और बगावत की चर्चाओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी की युवा और महिला शाखा में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए कई नेताओं को पदों से हटाया गया है, जबकि नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब पार्टी के कई सांसद नेतृत्व के खिलाफ खुलकर सामने आ रहे हैं।

अर्नब बनर्जी को सौंपी गई युवा विंग की कमान

पार्टी सूत्रों के अनुसार, सांसद सायोनी घोष को टीएमसी युवा विंग के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। गौरतलब है कि उन्हें एक सप्ताह पहले ही इस पद पर दोबारा नियुक्त किया गया था। अब उनकी जगह अर्नब बनर्जी को युवा विंग की कमान सौंपी गई है। इसी तरह, कोलकाता दक्षिण से सांसद माला राय को तृणमूल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाकर कालिगंज की विधायक अलिफा अहमद को नई जिम्मेदारी दी गई है।

बागी सांसदों के संपर्क में है सायोनी घोष!

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सायोनी घोष और माला राय उन सांसदों के समूह से जुड़ चुकी हैं जो पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह बागी गुट लोकसभा में खुद को “असली टीएमसी” के रूप में मान्यता दिलाने की कोशिश कर रहा है। समूह का दावा है कि पार्टी के 28 लोकसभा सांसदों में से करीब 20 सांसद उनके समर्थन में हैं।

TMC से बगावत करने वालों नेताओं पर सांसद ने कसा तंज

टीएमसी के भीतर बढ़ते विवाद के बीच एक वरिष्ठ राज्यसभा सांसद ने दावा किया कि ये संगठनात्मक बदलाव पहले ही पार्टी की आंतरिक बैठक में तय कर लिए गए थे। उन्होंने बागी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने जिन नेताओं को आगे बढ़ाया, वही अब नेतृत्व के खिलाफ खड़े हो गए हैं।

काकली घोष कर सकती हैं BJP का समर्थन

इस बीच, बागी सांसद काकली घोष दस्तीदार ने भी बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि यदि उनके समूह को संसद में अलग पहचान मिलती है तो वे भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने पर विचार कर सकते हैं।

Written By: Geeta Sharma