गूगल सर्च पर आंख बंद करके भरोसा करना अब भारी पड़ सकता है। हाल ही में एक खतरनाक मालवेयर कैंपेन का खुलासा हुआ है, जिसमें साइबर अपराधी लोगों को नकली डाउनलोड लिंक के जरिए निशाना बना रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब यूजर गूगल पर “Claude download for Mac” सर्च करते हैं, तो उन्हें कुछ फर्जी विज्ञापन और लिंक दिखाई देते हैं। इन लिंक पर क्लिक करते ही डिवाइस में छिपा हुआ मालवेयर इंस्टॉल हो सकता है।

स्कैमर्स उठा रहे हैं Claude AI की लोकप्रियता का फायदा

पिछले कुछ समय में एंथ्रोपिक के AI चैटबॉट Claude की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। इसी का फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने गूगल सर्च रिजल्ट्स में फर्जी विज्ञापन डालने शुरू कर दिए हैं। जैसे ही कोई यूजर Claude डाउनलोड करने के लिए सर्च करता है, उसे असली वेबसाइट जैसी दिखने वाली लिंक दिखाई देती है। लेकिन उस पर क्लिक करने से यूजर एक ऐसे वेबपेज पर पहुंच जाता है, जहां से मालवेयर सिस्टम में प्रवेश कर जाता है। यह मालवेयर इतना एडवांस है कि इंस्टॉल होने के बाद इसे पकड़ना आसान नहीं होता। यह सीधे कंप्यूटर की मेमोरी में एक्टिव रहता है, इसलिए कई बार एंटीवायरस भी इसे तुरंत पहचान नहीं पाते।

क्या होता है मालवेयर?

मालवेयर एक तरह का खतरनाक सॉफ्टवेयर होता है, जिसे कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल डिवाइस को नुकसान पहुंचाने, डेटा चुराने या सिस्टम की एक्सेस हासिल करने के लिए बनाया जाता है। इसके कई प्रकार होते हैं, जैसे वायरस, स्पायवेयर, रैनसमवेयर और ट्रोजन। इनका मुख्य उद्देश्य यूजर की प्राइवेसी और डिवाइस की सुरक्षा को कमजोर करना होता है।

स्मार्ट हो चुके हैं मालवेयर

आजकल के कई मालवेयर इतने स्मार्ट हो चुके हैं कि वे लंबे समय तक बिना पकड़े सिस्टम में छिपे रह सकते हैं। हालांकि, हर मालवेयर का इस्तेमाल गलत कामों के लिए ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है, लेकिन ज्यादातर मामलों में इनका इस्तेमाल साइबर अपराध के लिए ही किया जाता है।

कैसे करें बचाव?

    • इंटरनेट इस्तेमाल करते समय किसी भी संदिग्ध पॉप-अप, विज्ञापन या अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

 

    • अपने कंप्यूटर और मोबाइल के सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें, ताकि सुरक्षा खामियों को समय पर ठीक किया जा सके।

 

    • ऐप्स और फाइल्स केवल भरोसेमंद और आधिकारिक वेबसाइट्स से ही डाउनलोड करें।

 

    • ब्राउजर में एड ब्लॉकर का इस्तेमाल करने से फर्जी विज्ञापनों से बचाव हो सकता है।

 

    • अगर एड ब्लॉकर इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो सिक्योरिटी ब्राउजर एक्सटेंशन का सहारा ले सकते हैं।

 

Written By Toshi Shah