UP News: यूपी के कानपुर जिले से एक मामला सामने आया है। जहां एक युवक को मजाक करना भारी पड़ गया। नाराज दुकानदार ने दूध लेने आए युवक को बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसके 3 दांत टूट गए। वहीं घटना के बाद पीड़ित युवक हाथ में टूटे दांत लेकर सीधे थाने पहुंचा। हालांकि पीड़ित युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह घटना रावतपुर थाना क्षेत्र के शारदा नगर की है। शारदा नगर निवासी निजी कर्मी अमित सिंह पड़ोस में स्थित भदौरिया जनरल स्टोर पर दूध लेने गए थे। इस दौरान उन्होंने दुकान के पास टूटी हुई सड़क लेकर दुकानदार संजय सिंह भदौरिया से मजाक में पूछ लिया कि क्या सड़क बनने जा रही है। इस बात से आगबबूला होकर दुकानदार अमित के साथ गाली-गलौज करने लगा।

दुकानदार ने अमित को बेरहमी से पीटा

विवाद इतना बढ़ा कि दुकानदार ने उसे दुकान के अंदर खींच लिया, जहां संजय भदौरिया और उसके बेटे सौरभ ने मिलकर उसकी मारपीट कर दी। इस हमले में अमित के तीन दांत टूट गए और वह घायल हो गया। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच देर शाम आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

'लो, सड़क बन गई। अब FIR करा लो!'

पीड़ित ने बताया कि मारपीट के बाद आरोपी ने टूटे हुए दांत उसके हाथ में थमा दिए, और कहा कि 'लो, सड़क बन गई। अब FIR करा लो!'। इसके बाद अमित ने तुरंत 112 डायल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को रावतपुर थाने ले गई। जहां अमित ने लिखित शिकायत दी।

 Writen By: Geeta Sharma