तीज का पर्व आते ही घरों में पूजा-पाठ के साथ पकवानों की खुशबू भी बिखरने लगती है। इस खास मौके पर मिठाइयों की तैयारी भी जोर-शोर से होती है। अगर आप इस बार घर पर कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाने की सोच रही हैं, तो मावा गुजिया एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। बाहर से सुनहरी और कुरकुरी, जबकि अंदर से नरम और स्वादिष्ट मावे की भरावन वाली गुजिया त्योहार का स्वाद और भी खास बना देती है। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं होती। कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके आप इसे घर पर आसानी से तैयार कर सकती हैं।
मावा गुजिया के लिए जरूरी सामग्री
2 कप मैदा
4 बड़े चम्मच घी
आवश्यकतानुसार पानी
250 ग्राम मावा
आधा कप पिसी चीनी
आधा कप बारीक कटे काजू और बादाम
2 बड़े चम्मच किशमिश
आधा चम्मच इलायची पाउडर
2 बड़े चम्मच सूखा नारियल, अगर पसंद हो
तलने के लिए तेल या घी
इस तरह तैयार करें गुजिया
सबसे पहले मैदे को छानकर एक बड़े बर्तन में लें। इसमें घी डालें और हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। मैदा सही तरह तैयार हुआ है या नहीं, यह जांचने के लिए थोड़ा मिश्रण हथेली में दबाएं। अगर वह आसानी से आकार पकड़ ले तो समझिए मोयन बिल्कुल सही है।
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मैदे का सख्त आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा रोटी के आटे की तरह नरम न हो। तैयार आटे को गीले कपड़े से ढककर करीब 20 मिनट के लिए रख दें।
इस बीच गुजिया की स्टफिंग तैयार करें। कड़ाही में मावा डालकर धीमी आंच पर भूनें। इसे लगातार चलाते रहें, ताकि मावा कड़ाही में चिपके नहीं। जब उसका अतिरिक्त पानी सूख जाए और रंग हल्का बदलने लगे, तब गैस बंद कर दें।
मावे को पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसमें पिसी चीनी, काजू-बादाम, किशमिश और इलायची पाउडर डालकर मिलाएं। चाहें तो इसमें थोड़ा सूखा नारियल भी मिला सकती हैं। गर्म मावे में चीनी डालने से बचें, क्योंकि इससे मिश्रण ज्यादा पतला हो सकता है।
यह भी पढ़ें: आलू नहीं, अब गाजर से बनाएं क्रिस्पी फ्राइज, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें बेलकर छोटी पूरी जैसा आकार दें। बीच में एक से डेढ़ चम्मच मावे की स्टफिंग रखें। पूरी को बीच से मोड़कर किनारों को उंगलियों से अच्छी तरह दबाकर बंद कर दें।
गुजिया को आकर्षक लुक देने के लिए किनारों पर पारंपरिक डिजाइन बनाया जा सकता है। इसके अलावा बाजार में मिलने वाले गुजिया मोल्ड का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। किनारों को अच्छी तरह सील करना जरूरी है, ताकि तलते समय भरावन बाहर न निकले।
अब कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। तेल को बहुत तेज गर्म न करें। मध्यम से धीमी आंच पर गुजिया को धीरे-धीरे तलें। एक बार में बहुत सारी गुजिया डालने के बजाय थोड़ी-थोड़ी करके पकाएं।
गुजिया को बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि दोनों तरफ से एकसार सुनहरी और कुरकुरी हो जाएं। तैयार गुजिया को निकालकर पेपर टॉवल पर रखें, जिससे अतिरिक्त तेल निकल जाए।
ऐसे करें सर्व
मावा गुजिया को गर्मागर्म या ठंडा होने के बाद परोसा जा सकता है। ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है। तीज के मौके पर घर की बनी गुजिया चाय या दूध के साथ सर्व करें, इसका स्वाद सभी को पसंद आएगा।
Written by Rozi Sinha