फ्राइज का नाम आते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में सबसे पहले आलू ही आता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, फ्राइज एक ऐसा स्नैक है जिसे देखकर किसी का भी खाने का मन बन सकता है। लेकिन अगर आप आलू के फ्राइज से बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राय कर सकते हैं। गाजर से तैयार किए गए क्रिस्पी फ्राइज स्वाद में बेहद मजेदार होते हैं और इन्हें घर पर बनाना भी काफी आसान है। सबसे खास बात यह है कि इसके लिए आपको बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ेगी।
गाजर के फ्राइज बनाने के लिए सामग्री
2 बड़ी गाजर
2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
1 बड़ा चम्मच मैदा
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा चम्मच चाट मसाला
एक चौथाई चम्मच काली मिर्च
स्वादानुसार नमक
1 चम्मच तेल
जरूरत के अनुसार पानी
ऐसे बनाएं क्रिस्पी गाजर फ्राइज
सबसे पहले गाजर को अच्छी तरह धोकर छील लें। इसके बाद इन्हें फ्राइज की तरह लंबा और पतला काट लें। ध्यान रखें कि गाजर के टुकड़ों में ज्यादा नमी न हो, इसलिए काटने के बाद उन्हें अच्छी तरह सुखा लें। अब एक बाउल में कॉर्नफ्लोर, मैदा, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च, चाट मसाला और नमक डालें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा बैटर तैयार कर लें।
यह भी पढ़ें : बारिश के मौसम में बनाएं स्वादिष्ट हॉट एंड सॉर सूप, शेफ रणवीर बरार की आसान रेसिपी से घर पर तैयार करें
कटे हुए गाजर के टुकड़ों को बैटर में डालकर अच्छी तरह कोट करें। इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें और गाजर के टुकड़ों को मीडियम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक फ्राई करें। फ्राइज तैयार होने के बाद उन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। ऊपर से थोड़ा चाट मसाला डालें और टोमैटो सॉस या हरी चटनी के साथ गरमागरम सर्व करें।
फ्राइज को ज्यादा क्रिस्पी बनाने के लिए ये टिप्स अपनाएं
गाजर या किसी भी सब्जी के फ्राइज बनाते समय सबसे जरूरी है कि सब्जी में अतिरिक्त पानी न रहे। नमी ज्यादा होने पर फ्राइज उतने कुरकुरे नहीं बनेंगे। कोटिंग से पहले सब्जियों को अच्छी तरह सुखाना इसलिए जरूरी है। क्रंच बढ़ाने के लिए कॉर्नफ्लोर या हल्की ब्रेड क्रम्ब्स की कोटिंग भी की जा सकती है। अगर आप कम तेल में फ्राइज बनाना चाहते हैं, तो इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी तैयार कर सकते हैं।
अगली बार जब फ्राइज खाने का मन करे, तो सिर्फ आलू पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। गाजर के अलावा शकरकंद, कच्चे केले और जुकिनी से भी स्वादिष्ट और क्रिस्पी फ्राइज बनाए जा सकते हैं।
Written by Rozi Sinha