Bankipur By Election 2026: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती चार राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने बढ़त बना ली है। वहीं,बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी,जिन्होंने शुरुआती रुझानों में बढ़त बनाई थी। अब कांग्रेस उम्मीदवार से पीछे चल रहे हैं। हालांकि अभी 11 राउंड की मतगणना शेष है,इसलिए अंतिम परिणाम को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है।

सरकार पर असर नहीं,लेकिन राजनीतिक संदेश अहम

दतिया उपचुनाव का नतीजा मध्य प्रदेश में सरकार के गठन या बहुमत पर कोई प्रभाव नहीं डालेगा, क्योंकि राज्य में बीजेपी पहले से ही स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में है। इसके बावजूद यह चुनाव दोनों प्रमुख दलों के लिए राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि बीजेपी इस सीट पर हारती है तो विपक्ष इसे सरकार के खिलाफ जनमत के रूप में पेश करेगा। वहीं, कांग्रेस के लिए यह जीत संगठन में नया उत्साह भरने का काम कर सकती है।

कांग्रेस में पहले ही खुलकर सामने आ चुकी है अंदरूनी कलह

उपचुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट को लेकर विवाद भी सामने आया था। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की पार्टी सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह पर बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि वह वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएंगे। इस विवाद ने चुनाव से पहले कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया था।

2023 के चुनाव के बाद क्यों हुआ उपचुनाव?

दतिया विधानसभा सीट पर वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को पराजित किया था। हालांकि बाद में एक पुराने मामले में अदालत से सजा मिलने के कारण उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई। इसी वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा। कानूनी कारणों से राजेंद्र भारती इस चुनाव में उम्मीदवार नहीं बन सके।

दोनों दलों ने नए चेहरों पर लगाया दांव

उपचुनाव में बीजेपी ने इस बार नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया और युवा नेता आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा। दूसरी ओर कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया। दोनों दलों ने नए समीकरणों और स्थानीय नेतृत्व के आधार पर चुनावी रणनीति तैयार की। अब सभी की निगाहें शेष 11 राउंड की मतगणना पर टिकी हैं, जिनके बाद यह स्पष्ट होगा कि दतिया की जनता ने किस उम्मीदवार पर अपना अंतिम भरोसा जताया है। फिलहाल शुरुआती रुझानों में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है, लेकिन अंतिम परिणाम आने तक मुकाबला पूरी तरह खुला माना जा रहा है।

Written By: Geeta Sharma