जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा के एक अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन के तहत श्रीनगर से अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा समेत कुल 5 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, अब्दुल्ला पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहा था और जम्मू-कश्मीर के बाहर भी संगठन का नेटवर्क खड़ा करने में सफल रहा था।
पुलिस के अभियान में 1 पाकिस्तानी आतंकी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में एक अन्य पाकिस्तानी आतंकी उस्मान उर्फ खुबैब को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है,जिसमें जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा सहित कुल 19 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इन छापों के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल सामग्री और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।
5 आरोपियों में से 3 श्रीनगर के हैं निवासी
जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल लंबे समय से सक्रिय था और आतंकियों को रसद, ठिकाना और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का काम कर रहा था। गिरफ्तार 5 आरोपियों में से 3 श्रीनगर के निवासी हैं,जिनकी पहचान मोहम्मद नकीब भट, आदिल राशिद भट और गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा के रूप में हुई है। इन पर आतंकियों को आश्रय देने, भोजन उपलब्ध कराने और अन्य लॉजिस्टिक सपोर्ट देने के गंभीर आरोप हैं।
16 साल पहले भारत में आतंकियों ने की थी घुसपैठ
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ये आतंकी करीब 16 साल पहले भारत में घुसपैठ कर चुके थे और कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में सक्रिय रहे। इस दौरान उन्होंने लगभग 40 विदेशी आतंकवादियों को संभाला और उनका नेतृत्व किया। इनमें से अधिकांश आतंकियों को समय-समय पर सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ों में मार गिराया है।
अन्य लोगों की तलाश में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय आतंकी ढांचे को बड़ा झटका लगा है।
Writen By: Geeta Sharma