राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सर्वोच्च अदालत ने फिलहाल उनकी जमानत पर रोक लगाने या उसे तत्काल रद्द करने से इनकार कर दिया है। हालांकि, अदालत ने मेघालय सरकार की याचिका पर सोनम रघुवंशी को नोटिस जारी करते हुए मामले की सुनवाई अगले सप्ताह गुरुवार को निर्धारित की है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पहले यह देखना चाहता है कि मामले में ट्रायल किस स्थिति में है और उसके बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
हाईकोर्ट ने प्रदान की थी सोनम को जमानत
दरअसल, मेघालय हाईकोर्ट ने हाल ही में सोनम रघुवंशी को जमानत प्रदान की थी। इस फैसले को चुनौती देते हुए मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मामले की गंभीरता का हवाला देते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की थी। उनका कहना था कि यह एक सुनियोजित हत्या का मामला है और ऐसे में आरोपी को जमानत दिया जाना उचित नहीं है।
'जमानत पर रोक लगाने की आवश्यकता नहीं'
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की पीठ ने कहा कि चूंकि सोनम रघुवंशी पहले ही जेल से रिहा हो चुकी हैं, इसलिए फिलहाल उनकी जमानत पर रोक लगाने की आवश्यकता नहीं है। अदालत ने कहा कि वह पहले मुकदमे की प्रगति और ट्रायल की स्थिति का आकलन करेगी। इसके साथ ही कोर्ट ने सोनम की जमानत को फिलहाल बरकरार रखा।
हाईकोर्ट के फैसले पर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने हाईकोर्ट के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस न्यायाधीश ने पहले 3 बार जमानत याचिका खारिज की थी, उसी ने चौथी बार जमानत दे दी। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में पूरक आरोपपत्र (सप्लीमेंट्री चार्जशीट) दाखिल हो चुका है, जिससे जांच और आरोपों की गंभीरता स्पष्ट होती है।
'राजा रघुवंशी की हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी'
मेहता ने अदालत के समक्ष दावा किया कि राजा रघुवंशी की हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। उनके अनुसार, सोनम रघुवंशी अपने पति को हनीमून के बहाने मेघालय ले गईं, जहां पहले से तय योजना के तहत तीन अन्य हमलावर भी मौजूद थे। आरोप है कि पहाड़ी क्षेत्र में राजा रघुवंशी पर हमला किया गया, उनकी हत्या की गई और बाद में शव को गहरी खाई में फेंक दिया गया। घटना के बाद सोनम फरार हो गई थीं, लेकिन बाद में उत्तर प्रदेश से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
Written By: Geeta Sharma