Ratlam: कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एसी कोच में आग लगने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार 17 मई, रविवार को सुबह 5 बजे कोटा मंडल के लूणीरीछा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। वहीं बचाव अभियान के लिए
कोटा रेल मंडल से राहत व बचाव टीम मौके पहुंची।
कोच में 68 यात्री सवार थे
बताया जा रहा है कि जिस कोच में आग लगी उसमें 68 यात्री सवार थे। वहीं आग लगने की सूचना गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी,जिसके तुरंत बाद ट्रेन रोकी गई और पैसेंजर्स को बाहर निकाला गया।
राहत एवं बचाव कार्य शुरू
तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना कोटा मंडल के लूणी रिच्छा (एलएनआर) और विक्रमगढ़ आलोट (वीएमए) स्टेशन के बीच हुई, जहां ट्रेन संख्या 12431 के बी-1 कोच के एसएलआर छोर के पास आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और तकनीकी स्टाफ तुरंत हरकत में आ गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेलवे की तत्परता के वजह से यात्री सुरक्षित
जानकारी के अनुसार, आग लगते ही ट्रेन में मौजूद आरपीएफ कर्मियों और रेलवे स्टाफ ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू कर दिया। महज 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। रेलवे की तत्परता के कारण किसी भी यात्री या कर्मचारी को चोट नहीं पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन का बिजली कनेक्शन तुरंत काट दिया गया और प्रभावित बी-1 कोच को बाकी रैक से अलग कर दिया गया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
पश्चिम रेलवे के कोटा डिवीजन ने बताया कि घटना के बाद ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक सप्लाई) तुरंत बंद कर दी गई ताकि आग और न फैल सके। मौके पर रेलवे अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। रेलवे प्रशासन के अनुसार आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रोके गई ये ट्रेनें
घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। रेलवे ने बताया कि 5 से 6 ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। प्रभावित ट्रेनों में 19020 हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, 12416 नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस, 05017 स्पेशल ट्रेन, 12472 स्वराज एक्सप्रेस, 22210 हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस और 01492 हजरत निजामुद्दीन-पुणे स्पेशल ट्रेन शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 139
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या आधिकारिक रेलवे वेबसाइट से संपर्क करें। फिलहाल अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था की जा रही है और ट्रेन के शेष हिस्से को जल्द रवाना करने की तैयारी जारी है।
Written By: Geeta Sharma