जकार्ता। इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास एक यात्री जहाज में आग लगने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय बचाव एजेंसी के मुताबिक, आग लगने के समय जहाज पर 271 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। रविवार दोपहर तक 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।
सुराबाया से मकासर जा रहा था जहाज
जानकारी के अनुसार, यह यात्री जहाज पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर जा रहा था। यात्रा के दौरान जावा के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित मदुरा द्वीप के पास जहाज में अचानक आग लग गई।
कई जहाजों की मदद से राहत और बचाव अभियान
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए कई जहाजों को तैनात किया गया है। बचाव दल आसपास के समुद्री क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं और लापता यात्रियों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक साल पहले भी हुआ था ऐसा हादसा
यह हादसा पिछले वर्ष हुई एक ऐसी ही घटना के बाद सामने आया है। जुलाई 2025 में उत्तर सुलावेसी प्रांत के पास केएम बार्सिलोना 5 नामक यात्री जहाज में आग लग गई थी। उस हादसे में 3 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 150 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया था। उस जहाज में लगभग 280 लोग सवार थे और घटना 19 जुलाई को राजधानी मनाडो के निकट हुई थी।
इंडोनेशिया में समुद्री हादसे आम
इससे पहले 2021 में केएम कार्या इंदाह नामक जहाज में मोलुक्का सागर में आग लग गई थी। हादसे के दौरान यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को जान बचाने के लिए समुद्र में कूदना पड़ा था। बाद में अधिकारियों और स्थानीय मछुआरों की मदद से 22 बच्चों और 14 चालक दल के सदस्यों सहित कुल 181 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
यह भी पढ़ें: पीओके में हो रहे चुनाव "मज़ाक", पीटीआई ने किया चुनाव के पूर्ण बहिष्कार का आह्वान
17,000 से अधिक द्वीपों वाला इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा द्वीपसमूह देश है। यहां लोगों की आवाजाही का प्रमुख साधन समुद्री परिवहन है, लेकिन सुरक्षा मानकों और मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण इस तरह के समुद्री हादसे समय-समय पर सामने आते रहते हैं।
Written By: Pradeep Singh