Twisha Sharma News: नोएडा की रहने वाली मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। भोपाल में चर्चित इस हाईप्रोफाइल केस में रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत देर रात करीब 1 बजे खारिज कर दी गई। इसके बाद गुरुवार सुबह ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम उनके भोपाल स्थित बंगले पर पहुंच गई। माना जा रहा है कि अब गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

गिरिबाला सिंह के बंगले पर पहुंची सीबीआई

भोपाल के बागमुगालिया इलाके में स्थित गिरिबाला सिंह के बंगले पर सुबह से ही हलचल का माहौल बना रहा। सीबीआई अधिकारियों ने पूरे बंगले की थ्रीडी मैपिंग कराई। साथ ही उस स्थान की भी बारीकी से जांच की गई, जहां ट्विशा शर्मा कथित तौर पर फंदे से लटकी हुई मिली थीं। जांच एजेंसी घटनास्थल को वैज्ञानिक तरीके से समझने की कोशिश कर रही है ताकि मौत की परिस्थितियों का सही पता लगाया जा सके।

जांच एजेंसी को गिरिबाला सिंह पर शक

इस मामले में गिरिबाला सिंह के बेटे और ट्विशा के पति समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई की गिरफ्त में हैं। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी को शक है कि इस मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्य अब भी छिपाए जा रहे हैं। अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद गिरिबाला सिंह पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है।

12 मई की रात भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत

ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। ट्विशा के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं दूसरी ओर, पति और सास का दावा है कि ट्विशा ने आत्महत्या की थी।

गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज

मध्य प्रदेश के एडवोकेट जनरल प्रशांत सिंह ने बताया कि हाई कोर्ट ने मामले में कई गंभीर पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम जमानत याचिका खारिज की है। कोर्ट ने ट्विशा के शरीर पर मिले चोट के निशानों,कई नोटिसों के बावजूद जांच में सहयोग न करने और व्हाट्सएप चैट को महत्वपूर्ण माना है। इन चैट्स में कथित मानसिक प्रताड़ना के संकेत मिले हैं।

सीबीआई की अगली कार्रवाई पर टिकी सबकी नजरें

अब पूरे मामले में सीबीआई की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यह केस देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं।

Written By: Geeta Sharma