Kanpur Bus Accident:  उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के समय बस में कुल 19 लोग सवार थे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रामगंगा नहर पुल के पास हुआ हादसा

यह हादसा कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र स्थित रामगंगा नहर पुल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बस ट्राइडेंट कंपनी के कर्मचारियों को कुढ़नी से रनियां लेकर जा रही थी। तभी रास्ते में एक डंपर से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे नहर में जा गिरी।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

बस के नहर में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों में फंस गए जबकि कुछ लोग पानी भरने के डर से घबरा गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।

पुलिस और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही बिधनू थाना पुलिस,प्रशासनिक अधिकारी और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी 19 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे की जांच शुरू

पुलिस ने डंपर और बस दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में बस चालक की लापरवाही और तेज गति को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं डंपर चालक से भी पूछताछ की जा रही है।

Written By: Geeta Sharma