नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। टर्किश एयरलाइंस (Turkish Airlines) की फ्लाइट TK-726 के लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में अचानक आग लग गई। हालांकि दमकलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस्तांबुल से काठमांडू आ रहा था विमान
जानकारी के मुताबिक, यह विमान इस्तांबुल से काठमांडू आ रहा था। घटना सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे हुई। एयरपोर्ट सुरक्षा विभाग के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया कि लैंडिंग के समय विमान के टायर में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद आपातकालीन टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
विमान में 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर थे सवार
अधिकारियों के अनुसार, विमान में 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें संयुक्त राष्ट्र से जुड़े कुछ अधिकारी भी शामिल थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद कुछ समय के लिए रनवे पर विमान खड़ा रहने से एयरपोर्ट संचालन प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई और उड़ानों का संचालन फिर शुरू हो गया।
Written By Toshi Shah