अमेरिका के इडाहो स्टेट Idaho के माउंटेन होम एयर फोर्स बेस (Mountain Home Air Force Base) में आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। एयर शो में करतब दिखा रहे अमेरिकी नौसेना के दो Boeing EA-18G Growler लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों जेट आग की लपटों में घिरते हुए नीचे गिर पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दोनों विमान हवाई प्रदर्शन के दौरान बेहद थे करीब

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों विमान हवाई प्रदर्शन के दौरान बेहद करीब से उड़ान भर रहे थे। इसी दौरान संतुलन या समन्वय बिगड़ने से वे एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे के वक्त विमानों में कुल चार क्रू सदस्य मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि सभी ने समय रहते खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे में नहीं गई किसी की जान

United States Navy ने पुष्टि की कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है। अधिकारियों के मुताबिक, चारों क्रू मेंबर्स की हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वहीं, जमीन पर मौजूद दर्शकों और सैन्य कर्मचारियों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

आठ साल बाद किया गया था गनफाइटर स्काइज एयर शो का आयोजन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ का आयोजन आठ साल बाद किया जा रहा था। इससे पहले 2018 में हुए एयर शो में भी एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें एक हैंग-ग्लाइडर पायलट की मौत हो गई थी। हादसे के बाद एयर शो को तुरंत रोक दिया गया। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे गंभीर तकनीकी और समन्वय संबंधी दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

 

Written By Toshi Shah