महाराष्ट्र में 18 जून को होने वाले विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव से पहले सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर कुछ असंतोष और मतभेदों की खबरें सामने आ रही हैं। चुनावी तैयारियों के बीच गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों को लेकर चर्चाओं ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। इन अटकलों के बीच महायुति के प्रमुख नेता बुधवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। दोपहर 12 बजे आयोजित इस प्रेस वार्ता में बीजेपी की ओर से रविंद्र चव्हाण, शिवसेना की ओर से उदय सामंत और एनसीपी की ओर से सुनील तटकरे शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान गठबंधन की रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

एकनाथ शिंदे ने जताया गठबंधन की एकजुटता पर भरोसा

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महायुति में किसी भी प्रकार के अंदरूनी विवाद की बातों को खारिज करते हुए कहा कि गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि महायुति सभी 17 सीटों पर सफलता हासिल करेगी। शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहले ही सीटों के बंटवारे को लेकर स्पष्ट जानकारी दे चुके हैं। उनके अनुसार, गठबंधन के सभी सहयोगी दल आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं और राज्य के विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महायुति की एकता विपक्षी दलों को असहज कर रही है।

सीट बंटवारे पर बनी सहमति

विधान परिषद चुनाव के लिए महायुति के तीनों प्रमुख दलों के बीच सीटों का फार्मूला तय हो गया है। कई दौर की बैठकों और विचार-विमर्श के बाद बीजेपी को 11 सीटें, शिवसेना को 4 सीटें और एनसीपी को 2 सीटें देने पर सहमति बनी है। राज्य में इस महीने कुल 17 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव होना है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से ही सहयोगी दलों के बीच सीटों के वितरण पर लगातार बातचीत चल रही थी। नामांकन की अंतिम तिथि से पहले इस मुद्दे पर अंतिम सहमति बनने से गठबंधन को राहत मिली है।

 

 

 

 

Written By Toshi Shah