Gas Crisis: एलपीजी सिलिंडर की कमी का असर अब शादियों में देखने को मिल रहा है। अब लोग वेडिंग प्वाइंट के बजाय कोर्ट मैरिज और मंदिरों में सादगीपूर्ण विवाह पर जोर दे रहे हैं। गैस की कमी और महंगे सिलिंडर के खर्च से बचने के लिए लोग इस तरह का विकल्प अपना रहे हैं। क्योंकि शादी के तय मुहूर्त के बीच विवाह टाले नहीं जा सकते हैं।
LPG की कमी से बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग सेवाएं प्रभावित
एलपीजी की कमी के चलते बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। यहां की कई स्थानों पर गैस की कमी के कारण बड़े आयोजन संभव नहीं हो पा रहे हैं। जिससे लोगों को वैकल्पिक व्यवस्थाएं करनी पड़ रही हैं। ऐसे में दूल्हा-दुल्हन पहले कोर्ट में शादी रजिस्टर कर रहे हैं और बाद में सीमित संख्या में परिवार के साथ मंदिरों में विवाह कर रहे हैं।
कोर्ट मैरिज के मामलों में बढ़ोतरी
दिल्ली के वकीलों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कोर्ट मैरिज के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तीस हजारी कोर्ट में पहले के मुकाबले अधिक जोड़े अपनी शादी रजिस्टर करवा रहे हैं। अगर एलपीजी संकट जल्द दूर नहीं हुआ, तो आने वाले समय में पारंपरिक शादियों की जगह सादगीपूर्ण और सीमित आयोजनों का चलन और तेजी से बढ़ सकता है।
27 मार्च को तय थी शादी
आपको बता दें, हाल ही में दिल्ली निवासी यश शर्मा ने कोर्ट मैरिज की। उनके पिता आशीष शर्मा ने बताया कि बेटे की सगाई एक साल पहले हुई थी और 27 मार्च को शादी तय थी। एलपीजी की कमी के कारण बैंक्वेट बुक करना संभव नहीं हो सका। कहीं भी गैस उपलब्ध नहीं थी, जिसकी वजह से हमें बेटे की कोर्ट मैरिज का रास्ता अपनाना पड़ा।
Writen By: Geeta Sharma