केंद्र सरकार ने होटल, रेस्तरां, कैटरिंग सेवाओं और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत देते हुए 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इस फैसले से उन व्यवसायों को सीधा लाभ मिलेगा जिनका संचालन मुख्य रूप से कमर्शियल एलपीजी पर निर्भर करता है। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं दी गई है, क्योंकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली में 202 रुपये हुआ सस्ता
सरकार द्वारा जारी नई कीमतों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 202 रुपये सस्ता हो गया है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत में 209 रुपये की कमी दर्ज की गई है। कटौती के बाद कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 2,872.50 रुपये तय की गई है। अन्य शहरों में भी नई दरें लागू कर दी गई हैं।
व्यापारियों की लागत में आएगी कमी
इस निर्णय से होटल उद्योग, रेस्तरां, ढाबा संचालकों, कैंटीन, फूड आउटलेट्स और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों की परिचालन लागत में कमी आने की उम्मीद है। लंबे समय से बढ़ती एलपीजी कीमतों के कारण इन व्यवसायों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बना हुआ था, जिसे यह फैसला कुछ हद तक कम करेगा।
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को नहीं मिली राहत
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह राहत केवल 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर लागू होगी। घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत पहले जैसी ही रहेगी। ऐसे में आम उपभोक्ताओं को फिलहाल गैस की कीमतों में किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी और उन्हें भविष्य में संभावित संशोधन का इंतजार करना होगा।
लगातार दूसरी बार सस्ता हुआ कमर्शियल एलपीजी
बात दें कि यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं। इससे पहले जुलाई में भी सरकार ने इसकी कीमतों में कमी की थी। लगातार दो बार हुई इस कटौती से कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वैश्विक हालात सुधरने से मिली राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के महीनों में पश्चिम एशिया में तनाव और ईरान से जुड़े घटनाक्रमों के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बढ़ गई थी। इसके चलते एलपीजी की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भी तेजी देखने को मिली थी। अब वैश्विक बाजार में स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य होने और आपूर्ति में सुधार आने के बाद सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम कम करने का फैसला लिया है, जिससे व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
Written By Toshi Shah