कोलकाता के मैदान इलाके से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 30 साल की महिला को केरोसिन डालकर जला दिया गया। बता दें कि गंभीर रूप से झुलसी महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
यह पूरी घटना 3 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4 बजे की है। जब कोलकाता के मैदान थाना क्षेत्र में गंगा सागर ग्राउंड, ईडन गार्डन्स के सामने एक पेड़ के नीचे यह वारदात हुई। मिली जानकारी के मुताबिकसआरोपी सिद्धार्थ चारिवाल ने पीड़ित महिला को पहले वहां बुलाया था। जैसे ही महिला वहां पहुंची, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
90 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी महिला
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने महिला पर केरोसिन डालकर आग लगा दी, घटना के तुरंत बाद ही आसपास के लोगों के पुलिस को सूचना दिन और महिला को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा था कि महिला करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। घटना के बाद पीड़िता को कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की।
मरने से पहले महिला ने दी बयान
हालांकि, उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही और आखिरकार उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक महिला ने मरने से पहले अपना बयान भी दर्ज कराया था, जो अब इस केस का अहम सबूत माना जा रहा है। पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी को इंटरव्यू के बहाने बुलाया गया था। जब बेटी ने फोन नहीं उठाया तो उन्होंने कई बार कॉल किया।
मां ने कही ये बात
पीड़िता की मां ने बताया कि उसने अपनी बेटी को लगतार कॉल किया और जब तीसरी बार कॉल किया तो फोन एक पुलिस अधिकारी ने उठाया और बताया कि उनकी बेटी को बाबूघाट के पास जला दिया गया है। यह सुनते ही परिवार वाले तुरंत अस्पताल पहुंचे। मां ने अस्पताल में बेटी की हालत का जिक्र करते हुए कहा कि उसका पूरा शरीर जल चुका था और त्वचा तक निकल रही थी, उन्होंने यह भी बताया कि बेटी ने मरने से पहले आरोपी का नाम लिया और कहा कि उसी ने केरोसिन डालकर आग लगाई।
शादी से किया था इनकार
पुलिस ने बताया कि परिवार के मुताबिक, आरोपी ने महिला पर शादी का दबाव बनाया था, लेकिन दोनों अलग-अलग धर्म के होने की वजह से महिला ने इनकार कर दिया था। मां का दावा है कि आरोपी ने उसे नौकरी का लालच भी दिया था, लेकिन महिला ने उसे भी ठुकरा दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी सिद्धार्थ चारिवाल को बेलेघाटा इलाके से गिरफ्तार कर लिया, उसे शनिवार को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई। फिलहाल, आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, फिलहाल पुलिस इस वारदात के पीछे की असली वजह की जांच कर रही है, जिसमें प्रेम संबंध, शादी का दबाव या अन्य कारणों की पड़ताल की जा रही है.
Written By Toshi Shah