पटना कोचिंग फायरिंग विवाद के मामले में चर्चित शिक्षक खान सर की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले में उनके कोर्ट में सरेंडर करने की चर्चा के बीच शनिवार को उनके पटना सिविल कोर्ट पहुंचने की सूचना सामने आई,लेकिन बाद में यह स्पष्ट हो गया कि वे अदालत नहीं पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक खान सर ने सरेंडर नहीं किया था और अदालत का समय भी समाप्त हो चुका था। ऐसे में अब उनके पास अग्रिम जमानत लेने या अदालत के अगले कार्य दिवस यानी सोमवार को सरेंडर करने का विकल्प बचा है। यदि तब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं होती,तो वे सोमवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर सकते हैं।

24 घंटे बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी 

वहीं दूसरी तरफ इस मामले में दर्ज FIR के 24 घंटे बाद भी खान सर की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर यह चर्चा भी तेज रही कि FIR दर्ज होने के बाद खान सर आखिर कहां हैं और सार्वजनिक रूप से सामने क्यों नहीं आए। इसी बीच खबरें सामने आईं कि वे पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी कर रहे हैं। कानूनी प्रक्रिया के तहत उनके आत्मसमर्पण के बाद उनके वकील अदालत में जमानत याचिका दाखिल कर सकते हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि खान सर अदालत का रुख कब करते हैं और मामले में आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं।

 क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में हुई हिंसक घटना के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि कुछ लोगों ने कोचिंग संस्थान पर हमला कर तोड़फोड़ की थी। इस दौरान संस्थान के सुरक्षा गार्डों द्वारा राइफलों से कई राउंड फायरिंग किए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया और पुलिस ने जांच शुरू की।

खान सर के निर्देश पर हुई थी फायरिंग

पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग की घटना में शामिल 2 सुरक्षा गार्डों प्रदीप और तालेश्वर ने हथियारों का इस्तेमाल किया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने फायरिंग की बात स्वीकार की,जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही उनके हथियार भी जब्त कर लिए गए। जांच के दौरान पुलिस ने खान सर को भी इस मामले में नामजद आरोपी बनाया। आरोप लगाया गया कि फायरिंग उनके निर्देश पर कराई गई थी। इसी आधार पर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

खान सर की गिरफ्तारी का छात्रों ने किया विरोध

शुक्रवार रात पुलिस की एक टीम खान सर की गिरफ्तारी के लिए उनके कोचिंग संस्थान पहुंची थी,लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिले। इस दौरान कोचिंग परिसर के बाहर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए छात्रों को परिसर और आसपास के क्षेत्र से हटाया।

प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा मामला

इस मामले को पटना के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व की लड़ाई से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने जांच के बाद प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु के संचालक रोशन आनंद को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Written By: Geeta Sharma