पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस हिरासत में आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी से पूछताछ में हत्या की साजिश के कई अहम पहलू उजागर हुए हैं। पुलिस के अनुसार, यह हत्या कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं थी, बल्कि इसकी तैयारी कई दिनों से की जा रही थी।

सिया और चेतन ने रची थी केतन की हत्या की साजिश

जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने पहले से एक गुप्त संकेत तय किया था। योजना के मुताबिक, जब सिया केतन के सामने झुकती, तो यह चेतन के लिए संकेत होता कि वह केतन को खाई में धक्का दे दे। 18 जून को लोहगढ़ किले पर इसी योजना को अंजाम दिया गया। जैसे ही चेतन मौके पर पहुंचा, सिया झुक गई और चेतन ने कथित रूप से केतन को खाई में धक्का दे दिया।

पूरे मामले की मास्टरमाइंड थी सिया गोयल

पुलिस का दावा है कि इस पूरे मामले की मास्टरमाइंड सिया गोयल थी। उससे पहले 14 जून को भी केतन की हत्या का प्रयास किया गया था, लेकिन वह पेड़ पकड़कर बच गया था। उस समय सिया ने यह कहकर स्थिति संभालने की कोशिश की थी कि उसने उसे सांप से बचाने के लिए धक्का दिया था।

पहले भी सिया केतन को मारने की कोशिश कर चुकी है

पुलिस जांच के अनुसार, 31 मई को सिया पहली बार केतन को लोहगढ़ किले के उस स्थान पर लेकर गई थी, जिसे बाद में कथित तौर पर ‘डेथ पॉइंट’ के रूप में चुना गया। बताया जा रहा है कि यदि खाई में धक्का देने की योजना विफल हो जाती, तो केतन को सड़क दुर्घटना का शिकार बनाने की भी तैयारी थी।

केतन से शादी नहीं करना चाहती थी सिया

पूछताछ में सिया ने दावा किया कि उसने केतन को अपने और चेतन के प्रेम संबंध के बारे में पहले ही बता दिया था। उसने शादी न करने और चेतन के साथ भाग जाने की इच्छा भी जताई थी। हालांकि, सिया के अनुसार, केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था और उसने कहा था कि अब शादी रुक नहीं सकती।

सिया का परिवार उसके प्रेम संबंध के खिलाफ था

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया का परिवार चेतन के साथ उसके रिश्ते के खिलाफ था और आर्थिक रूप से संपन्न केतन से शादी कराने के पक्ष में था। वहीं, हत्या वाले दिन चेतन ने पहचान छिपाने के लिए मास्क और पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहने थे तथा अपना मोबाइल फोन भी दुकान पर छोड़ दिया था।

मामले के जांच में जुटी है पुलिस

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है। पीड़ित परिवार ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

 Written By: Geeta Sharma