कर्नाटक की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कहा जा रहा है कि यहां 3 डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक में कांग्रेस की ओर से 3 डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि तीनों डिप्टी सीएम अनुसूचित जाति,अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला वर्ग से बनाए जा सकते हैं।

कर्नाटक पहुंचे रणदीप सिंह सुरजेवाला

27 मई, बुधवार को कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला कर्नाटक पहुंचे। जहां उन्हें राज्य सभा और एमएलसी चुनाव के लिए कैंडिडेट के लिए एक नई लिस्ट तैयार करने को कहा गया है। लिस्ट में जातीय समीकरण का भी ध्यान रखें। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि नेताओं को पद देने से क्या फायदा और नुकसान होगा। जानकारी के अनुसार सुरजेवाला को निर्देश दिया गया है कि एक लिस्ट तैयार करें और उसे दिल्ली में आलाकमान को सौंप दें।

इस्तीफा दे सकते हैं सिद्धारमैया

अब कर्नाटक की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। ऐसी अटकलें लग रही है कि सिद्धारमैया कुछ दिनों में इस्तीफा दे सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार सिद्धारमैया को कांग्रेस की तरफ से स्टेप डाउन करने के लिए कहा गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वो भी सोच लें और के सी वेणुगोपाल को बता दें। इससे साफ है कि अगले कुछ दिनों में सिद्धारमैया का इस्तीफा हो सकता है। खबरें ये भी है कि सिद्धारमैया राज्यसभा जाने के मन नहीं हैं।

मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष के कमरे में हुई थी बैठक

बता दें कि मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कमरे में बैठक हुई थी। इस बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सिद्धारमैया और डी के शिवकुमार जैसे वरिष्ठ नेता शामिल थे। वहीं अब कर्नाटक की राजनीति इस समय देशभर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। देखना दिलचस्प होगा कि बदलाव के बाद किस नेता के हाथ कौन सा पद लगता है।

Written By: Geeta Sharma