कनाडा की शांत रात अचानक उस वक्त चर्चा का विषय बन गई, जब ब्रिटिश कोलंबिया के कई इलाकों में लोगों ने आसमान में एक अनोखी चमकती आकृति देखी। प्रिंस जॉर्ज और फोर्ट सेंट जॉन जैसे क्षेत्रों में दिखाई देने वाली यह रोशनी शंकु (Cone) के आकार की थी और बादलों के बीच धीरे-धीरे तैरती नजर आ रही थी। कई लोगों को यह दृश्य किसी समुद्री जीव या “आसमानी जलपरी” जैसा लगा।
Elon Musk की कंपनी ने लॉन्च की थी रॉकेट
सोशल मीडिया पर इस रहस्यमयी रोशनी को लेकर तरह-तरह के दावे किए जाने लगे। किसी ने इसे मौसम संबंधी गुब्बारा बताया, तो कुछ लोगों ने एलियन गतिविधियों की आशंका तक जता दी। हालांकि, बाद में वैज्ञानिकों ने इस रहस्य से पर्दा उठा दिया। खगोलविदों के अनुसार यह कोई अलौकिक घटना नहीं थी, बल्कि Elon Musk की कंपनी [SpaceX] के फाल्कन 9 रॉकेट लॉन्च का असर था। कैलिफोर्निया से उड़ान भरते समय रॉकेट के इंजन से निकली गैसें और धुआं ऊपरी वायुमंडल में फैल गए, जिससे यह अनोखा दृश्य बना।
आसमान में चमकदार पंखे जैसी आकृति को जेलीफिश इफेक्ट या ट्वाइलाइट इफेक्ट कहा जाता है
विशेषज्ञों ने बताया कि जब सूर्य की बची हुई रोशनी इन गैसों पर पड़ी, तो आसमान में चमकदार पंखे जैसी आकृति उभर आई। वैज्ञानिक भाषा में इस घटना को “जेलीफिश इफेक्ट” या “ट्वाइलाइट इफेक्ट” कहा जाता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि आधुनिक जीवन की व्यस्तता में लोग अक्सर आसमान की तरफ देखना भूल जाते हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं यह याद दिलाती हैं कि अंतरिक्ष और प्रकृति अब भी कई ऐसे रहस्यों से भरे हैं, जिन्हें समझना बाकी है। यह नजारा जितना आकर्षक था, उतना ही लोगों के लिए हैरान कर देने वाला भी।
Written By Toshi Shah