न्यूयोर्क: अमेरिका के कुख्यात कारोबारी और यौन तस्करी के आरोपी जेफरी एपस्टीन की मौत के वर्षों बाद भी उससे जुड़े नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। बता दें कि अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा सार्वजनिक किए गए लगभग 30 लाख पन्नों के नए दस्तावेजों में एपस्टीन की गर्लफ्रेंड डॉ. करीना शुलियाक को लेकर कई बड़े चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। बेलारूस में जन्मीं 37 वर्षीय डेंटिस्ट करीना शुलियाक, एपस्टीन की गिरफ्तारी और 2019 में जेल में हुई उसकी मौत के समय तक उसके बेहद करीब थीं।

वसीयत से 10 करोड़ डॉलर और 33 कैरेट की अंगूठी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपस्टीन की वसीयत के तहत करीना को उसकी संपत्ति से करीब 10 करोड़ डॉलर (लगभग 800 करोड़ रुपये) की राशि मिल सकती है। इसके अलावा उन्हें 33 कैरेट की हीरे की अंगूठी भी मिलने का जिक्र है, जिसे एपस्टीन ने विवाह के इरादे से रखा था। दस्तावेजों से यह भी सामने आया है कि 2019 में फांसी लगाने से पहले एपस्टीन ने अपनी आखिरी फोन कॉल भी करीना को ही की थी।

2011 में हुई थी पहली मुलाकात
बता दें कि करीना 2011 में बेलारूस से अंग्रेजी सीखने न्यूयॉर्क आई थीं और एक डेंटल असिस्टेंट के रूप में काम कर रही थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात एपस्टीन से हुई। शुरुआत में करीना ने वित्तीय मदद लेने से इनकार किया था, लेकिन बाद में उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया। जानकारी के अनुसार, एपस्टीन ने करीना की पढ़ाई, रहने का खर्च और उनके परिवार की मदद के लिए लगभग 10 लाख डॉलर खर्च किए। दोनों के बीच के हजारों ईमेल और संदेशों से यह स्पष्ट होता है कि उनके रिश्ते में प्रेम के साथ-साथ आर्थिक निर्भरता और नियंत्रण भी शामिल था।

ग्रीन कार्ड और नागरिकता के लिए कराया विवाह
दस्तावेजों में एक बड़ा दावा यह किया गया है कि करीना को अमेरिका में स्थायी निवास (ग्रीन कार्ड) दिलाने के लिए एपस्टीन ने 2013 में अपनी ही एक महिला कर्मचारी से उनका विवाह करवाया था। इसी के आधार पर 2013 में फर्जी विवाह के माध्यम से ग्रीन कार्ड प्राप्त किया। इतना ही नहीं 2018 में उसको अमेरिकी नागरिकता हासिल हुई। बता दें कि एपस्टीन ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी के डेंटल स्कूल में करीना का दाखिला कराने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया और विश्वविद्यालय को दान भी दिया। रिपोर्ट्स में यह आरोप भी है कि करीना को प्रवेश परीक्षा से पहले संभावित प्रश्न उपलब्ध कराए गए थे। हालांकि, उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और एक योग्य डेंटिस्ट बनीं।

2025 में लाइसेंस मिला, फिर अचानक हुईं लापता
बता दें कि एपस्टीन की गिरफ्तारी के समय करीना यूरोप में थीं। जेल से आखिरी बातचीत में एपस्टीन ने उन्हें 'मजबूत रहने' की सलाह दी थी। इसके अगले दिन एपस्टीन मृत पाए गए। वहीं 2025 में करीना ने न्यूयॉर्क में डेंटिस्ट के रूप में प्रैक्टिस करने का लाइसेंस प्राप्त किया। जैसे ही न्याय विभाग के दस्तावेज सार्वजनिक हुए और करीना का नाम मीडिया में आया, वह जिस क्लिनिक में काम कर रही थीं, वहां से अचानक गायब हो गईं और अब तक वापस नहीं लौटी हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि एपस्टीन के शिकार पीड़ितों को मुआवजा दिए जाने के बाद उसकी बची हुई संपत्ति में से करीना को वास्तव में कितना हिस्सा मिल पाएगा। 

और पढे़ं: 

भारत के बाद नेपाल में पेपर लीक कांड पर हलचल, सरकार ने कसा शिकंजा

क्या बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन होंगे गिरफ्तार? फांसी की अटकलों पर सरकार का जवाब 

Written By Shailesh Yadav