मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आगामी चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने दतिया विधानसभा सीट पर इस बार कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस प्रत्याशी कम से कम 25 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल करेगा। साथ ही आगे उन्होंने कहा कि दतिया की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। इस बार कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट जनसमर्थन देखने को मिलेगा। उनके अनुसार प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है और उसका सबसे बड़ा असर दतिया में दिखाई देगा।

नरोत्तम मिश्रा पर लगाए रिवेंज पॉलिटिक्स के आरोप

बातचीत के दौरान जीतू पटवारी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दतिया में लंबे समय तक बदले की राजनीति की गई, जिससे आम जनता परेशान रही। पटवारी ने कहा कि इस बार मतदाता ऐसी राजनीति का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए तंज कसा और कहा कि जनता अब अपने भविष्य का फैसला खुद करेगी। पटवारी ने दावा किया कि यदि नरोत्तम मिश्रा इस बार फिर चुनाव मैदान में उतरते, तो वे पिछली बार से भी दोगुने अंतर से हारते। उनके मुताबिक दतिया के लोग अब विकास और न्याय की राजनीति चाहते हैं, न कि राजनीतिक प्रतिशोध।

समर्थकों पर कार्रवाई का भी किया जिक्र

पटवारी ने हाल ही में हुई उस कार्रवाई का भी उल्लेख किया जिसमें नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 लोगों पर FIR दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में राजनीतिक घटनाक्रम लगातार बदल रहे हैं और जनता सब कुछ देख रही है। हालांकि उन्होंने इस मामले पर विस्तार से टिप्पणी करने से बचते हुए इसे जनता के बीच चर्चा का विषय बताया।

बीजेपी की अंदरूनी राजनीति पर उठाए सवाल

भाजपा के भीतर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम और टिकट वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर जीतू पटवारी ने कहा कि यह पूरी तरह भाजपा का आंतरिक मामला है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम में मुख्यमंत्री की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर नेताओं के बीच विश्वास की कमी साफ दिखाई दे रही है। उनके अनुसार पार्टी में आपसी मतभेद और असंतोष लगातार बढ़ रहा है, जिसका असर संगठन और चुनावी तैयारियों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदर अराजकता का माहौल है और नेताओं के बीच समन्वय पहले जैसा नहीं रह गया है।

मध्य प्रदेश में परिवर्तन की लहर का दावा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और यही भावना आगामी चुनाव में दिखाई देगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई पूर्व मंत्री यदि दोबारा चुनाव लड़ते, तो वे पहले से कहीं अधिक अंतर से हारते। दतिया को मां पीतांबरा माई की पवित्र नगरी बताते हुए पटवारी ने कहा कि यहां की जनता न्याय और विकास के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता यह तय करेगी कि वह किस प्रकार की राजनीति को आगे बढ़ाना चाहती है।

जनता करेगी अंतिम फैसला

अपने बयान के अंत में जीतू पटवारी ने विश्वास जताया कि दतिया से परिवर्तन की शुरुआत होगी और कांग्रेस को बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बदलाव की मांग मजबूत होती जा रही है और दतिया इस राजनीतिक परिवर्तन का नेतृत्व करेगा। हालांकि चुनावी नतीजे अंत मतदाताओं के फैसले और मतदान के परिणाम पर ही निर्भर करेंगे।

Written By: Geeta Sharma