बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के उस आरोप पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी उनकी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। बीजेपी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बिना किसी सबूत के गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
सुधांशु त्रिवेदी ने अब्दुल्ला के बयान की आलोचना की
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उमर अब्दुल्ला के बयान की आलोचना की, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार की विफलताओं और प्रशासनिक कमियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। त्रिवेदी ने कहा कि किसी भी नेता पर आरोप लगाने से पहले ठोस प्रमाण पेश किए जाने चाहिए।
बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई ने भी जताई आपत्ति
बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई ने भी उमर अब्दुल्ला के बयान पर आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं ने मांग की है कि मुख्यमंत्री या तो अपने आरोपों के समर्थन में सबूत दें या फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। बीजेपी का कहना है कि सरकार की नाकामियों पर चर्चा होने के बजाय राजनीतिक विवाद खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। त्रिवेदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं को सलाह दी कि वे आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर जनता से किए गए वादों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि बेबुनियाद आरोपों से समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री ने भी उमर अब्दुल्ला का किया समर्थन
गौरतलब है कि उमर अब्दुल्ला ने हाल ही में दावा किया था कि बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) के एक विधायक को पार्टी बदलने के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये और मंत्री पद का प्रस्ताव दिया था, उन्होंने कहा कि संबंधित विधायक ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और उन्हें इसकी जानकारी दी। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भी उमर अब्दुल्ला के आरोपों का समर्थन किया और बीजेपी पर निशाना साधा।
Written By Toshi Shah