Cockroach Janta Party Protest: 6 जून, शनिवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सदस्यों ने अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख स्थानों पर दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। बताया जा रहा कि यह प्रदर्शन पेपर लीक मामले पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर किया जा रहा है। वहीं अब इस प्रदर्शन पर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि युवाओं ने एक मुद्दे पर आंदोलन खड़ा किया है। हालांकि सरकार इस आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है।
CJP के आंदोलन पर बोले संजय राउत
सांसद संजय राउत ने कहा कि इस आंदोलन को मीडिया पर कम दिखाने का दबाव बनाया जा रहा है। अगर यह आंदोलन सफल होता है तो सरकार को इसकी गंभीरता समझनी पड़ेगी। आगे कहा कि सरकार नहीं चाहती कि यह आंदोलन युवाओं तक पहुंचे,इसलिए पुलिस तंत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा संजय राउत ने यह भी कहा कि हजारों युवा सड़कों पर उतर सकते हैं और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर सकते हैं। यदी पीएम मोदी मंत्री का इस्तीफा नहीं लेते तो स्वच्छ प्रशासन की बात करना उचित नहीं होगा।
सीजेपी संस्थापक के नेतृत्व में हो रहा आंदोलन
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन के देखते हुए मध्य दिल्ली, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों तथा दिल्ली से पड़ोसी राज्यों को जोड़ने वाले सीमा प्रवेश बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बलों की लगभग 40 कंपनियां तैनात की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को फील्ड ड्यूटी सौंपकर सुरक्षा प्रबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
Written By: Geeta Sharam