BJP on Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पैलेट गन और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर दिए गए बयान के बाद बीजेपी ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी ने राहुल गांधी के आरोपों को आधारहीन बताते हुए कहा कि उन्होंने संसद में कई ऐसे दावे किए हैं जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
संबित पात्रा ने राहुल गांधी के बयानों पर उठाए सवाल
बीजेपी लोकसभा सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं और उनके आरोपों में कोई ठोस आधार नहीं है। बीजेपी ने विशेष रूप से उस आरोप का विरोध किया जिसमें गृह मंत्री अमित शाह पर प्रदर्शन के दौरान गोली चलाने का आदेश देने का आरोप लगाया गया था।
'फायरिंग का आदेश गृह मंत्री नहीं,मजिस्ट्रेट देता है'
संबित पात्रा ने कहा कि किसी भी प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था की स्थिति में कार्रवाई का निर्णय मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी लेते हैं। उन्होंने कहा कि गोली चलाने का आदेश गृह मंत्री नहीं देते,बल्कि परिस्थितियों के अनुसार वहां मौजूद मजिस्ट्रेट या संबंधित प्रशासनिक अधिकारी निर्णय लेते हैं।
बीजेपी नेता ने राहुल गांधी लगाया ये आरोप
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने इस संवेदनशील मुद्दे पर गलत जानकारी दी है और जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
छात्रों के संसद मार्च और पेपर लीक कानून पर बीजेपी का पक्ष
संबित पात्रा ने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार गंभीर है। उन्होंने बताया कि लोकसभा में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया गया है। उनका कहना था कि सरकार युवाओं और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने राहुल गांधी के उस बयान को भी खारिज किया जिसमें छात्रों के प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की बात कही गई थी। बीजेपी ने स्पष्ट किया कि छात्र संसद मार्च के दौरान ऐसी कोई घटना नहीं हुई और राहुल गांधी का दावा गलत है।
'देश का कोई भी छात्र इडियट नहीं है'
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी ने छात्रों की पहचान और सम्मान से जुड़े मुद्दे पर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। संबित पात्रा ने कहा कि देश का कोई भी छात्र ‘इडियट’ नहीं है और इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल छात्रों के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। बीजेपी ने इस शब्द को असंसदीय बताते हुए कहा कि देश के युवाओं का सम्मान होना चाहिए।
विदेश यात्राओं को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना
संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उन आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी जिनमें उन्होंने गृह मंत्री की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाए थे। बीजेपी नेता ने कहा कि गृह मंत्री चोरी-छिपे विदेश यात्रा नहीं करते और उनके सभी कार्यक्रम सार्वजनिक होते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर संसद में झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता को कोई भी बयान देने से पहले तथ्यों की जांच करनी चाहिए।
बीजेपी और कांग्रेस के बीच बढ़ी राजनीतिक तकरार
राहुल गांधी के बयान और बीजेपी की प्रतिक्रिया के बाद राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है। कांग्रेस जहां सरकार पर छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर सवाल उठा रही है, वहीं बीजेपी राहुल गांधी के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बता रही है।
बीजेपी का कहना है कि विपक्ष के नेता को जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए और संवेदनशील मामलों में बिना प्रमाण के आरोप नहीं लगाने चाहिए। वहीं कांग्रेस लगातार सरकार की नीतियों और प्रशासनिक फैसलों पर सवाल उठा रही है। इस पूरे विवाद ने संसद और राजनीतिक मंचों पर आरोप-प्रत्यारोप की बहस को और तेज कर दिया है।
Written By: Geeta Sharma