बारिश के मौसम में फोन का भीग जाना आम बात है, और सबसे ज्यादा चिंता तब होती है जब पानी स्पीकर के अंदर चला जाता है। ऐसे में फोन की आवाज धीमी हो जाती है, ध्वनि साफ नहीं आती या कभी-कभी बिल्कुल भी सुनाई नहीं देती। लोग अक्सर सोचते हैं कि अब इसे ठीक कराने के लिए सर्विस सेंटर जाना पड़ेगा, लेकिन हर बार ऐसा जरूरी नहीं होता।
स्पीकर क्लीनर करते हैं काम
आजकल इस समस्या का एक आसान समाधान साउंड वेव्स वाली तकनीक में मिलता है। इसमें खास तरह की कम फ्रीक्वेंसी वाली आवाज चलाई जाती है, जिससे स्पीकर में हल्का कंपन पैदा होता है। यह कंपन अंदर फंसे पानी की बूंदों को बाहर निकालने में मदद करता है। इसी सिद्धांत पर कई मोबाइल ऐप्स काम करते हैं, जिन्हें आमतौर पर “स्पीकर क्लीनर” कहा जाता है।
ये ऐप्स है मददगार
इन ऐप्स की मदद से स्पीकर से पानी निकालने की प्रक्रिया काफी आसान हो जाती है। उपयोगकर्ता को बस ऐप खोलकर क्लीनिंग मोड शुरू करना होता है, जिसके बाद कुछ सेकंड तक एक विशेष साउंड बजती है। यह तरीका कई बार तुरंत असर दिखाता है और आवाज पहले जैसी साफ होने लगती है।
ऐसे रखें फोन
इस प्रक्रिया के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है। फोन को इस तरह रखना चाहिए कि स्पीकर नीचे की ओर रहे, ताकि पानी बाहर निकलने में आसानी हो। हेडफोन अगर जुड़े हों तो उन्हें हटा देना चाहिए और वॉल्यूम भी उचित स्तर पर रखना बेहतर होता है, ताकि कंपन सही तरीके से काम कर सके।
नमी या थोड़े पानी के लिए काफी मददगार है ये ऐप्स
हालांकि यह तरीका हल्की नमी या थोड़े पानी के लिए काफी मददगार होता है, लेकिन अगर ज्यादा पानी अंदर चला गया हो, तो सिर्फ ऐप पर निर्भर रहना सही नहीं है। ऐसी स्थिति में किसी तकनीशियन की मदद लेना बेहतर होता है, ताकि फोन को स्थायी नुकसान से बचाया जा सके।
Written By Toshi Shah