ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग ने अब एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है। शुक्रवार को ईरान की सीमा के अंदर अमेरिका का एक ताकतवर F-15E फाइटर जेट गिर गया। जब से युद्ध शुरू हुआ है, यह पहली बार है कि अमेरिका का कोई लड़ाकू विमान ईरान की धरती पर गिरा है। इस जेट में दो लोग सवार थे। अच्छी खबर यह रही कि एक को अमेरिकी सेना ने बचा लिया, लेकिन दूसरा अब भी गायब है और उसे ढूंढने की कोशिशें जारी हैं।

ईरान का बड़ा ऑफर: 'पायलट लाओ, इनाम पाओ'
इस घटना के बाद ईरान के सरकारी टीवी चैनलों पर एक अजीब सा ऐलान सुनने को मिला। एंकर ने सीधे जनता से कहा कि अगर कोई भी नागरिक उस अमेरिकी पायलट को ज़िंदा पकड़कर पुलिस या सेना को सौंपता है, तो उसे 'भारी इनाम' दिया जाएगा। ऐसा लग रहा है जैसे ईरान उस पायलट को पकड़कर अमेरिका पर दबाव बनाना चाहता है।

पहाड़ों में मची अफरातफरी
जिस जगह विमान गिरा है, वह इलाका बहुत ही पथरीला और पहाड़ी है। जैसे ही टीवी पर इनाम की खबर आई, वहां के लोग अपनी-अपनी गाड़ियों और जीपों में सवार होकर उस क्रैश वाली जगह की तरफ भागने लगे। हर कोई बस उस पायलट को ढूंढना चाहता है। टीवी स्क्रीन पर तो यहां तक चेतावनी दी गई कि अगर वो भागने की कोशिश करे, तो उसे 'गोली मार दी जाए।'

ईरानी सेना की अपील
इनाम की लालच में भीड़ कहीं बेकाबू न हो जाए, इसलिए ईरान की सेना ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सेना ने साफ कहा है कि अगर कोई पायलट को पकड़ता है, तो उसके साथ बुरा बर्ताव या मारपीट न की जाए। सेना चाहती है कि पायलट को सुरक्षित उनके हवाले किया जाए, ताकि वे उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मोहरे की तरह इस्तेमाल कर सकें।

आसमान में मंडरा रहे हैं अमेरिकी हेलीकॉप्टर
सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें अमेरिकी हेलीकॉप्टर और छोटे विमान क्रैश वाली जगह के बहुत ऊपर चक्कर काटते दिख रहे हैं। अमेरिका अपने लापता साथी को हर हाल में बचाना चाहता है, वहीं ज़मीन पर ईरानी लोग उसे पकड़ने के लिए जाल बिछा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि वो पायलट अमेरिकी सेना के हाथ लगता है या ईरान की जनता के।

Written by: Anushka sagar