आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है और प्लेऑफ की रेस अब बेहद दिलचस्प हो गई है। हर मुकाबले के बाद अंक तालिका में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad)ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के साथ हैदराबाद की टीम ने 19 अप्रैल के बाद पहली बार पंजाब को पीछे छोड़ते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं, आज आईपीएल 2026 का 51वां मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दिल्ली के घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitley Stadium) में आयोजित होगा।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह सीजन उतार-चढ़ाव भरा

दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह सीजन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने 10 मैचों में सिर्फ 4 जीत दर्ज की हैं, जबकि 6 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। 8 अंकों के साथ दिल्ली फिलहाल अंक तालिका में सातवें स्थान पर मौजूद है। दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स ने खराब शुरुआत के बाद दमदार वापसी की है। शुरुआती पांच मैच गंवाने के बाद टीम ने लगातार तीन जीत हासिल कर अपनी प्लेऑफ उम्मीदों को जिंदा रखा है। केकेआर के खाते में फिलहाल 7 अंक हैं और टीम आठवें स्थान पर बनी हुई है।

दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

अगर दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो मुकाबला काफी रोचक दिखाई देता है। आईपीएल इतिहास में दिल्ली और कोलकाता के बीच अब तक 34 मैच खेले गए हैं। इनमें से 19 मुकाबलों में कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीत दर्ज की है, जबकि 15 मैच दिल्ली कैपिटल्स के नाम रहे हैं।

11 मैच खेले जा चुके हैं दोनों टीमों के बीच

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भी दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। इस मैदान पर अब तक दोनों टीमों के बीच 11 मैच खेले गए हैं, जिनमें 6 बार केकेआर विजयी रही है, जबकि 5 मुकाबलों में दिल्ली ने बाजी मारी है। ऐसे में आज का मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि हार किसी भी टीम की प्लेऑफ की राह मुश्किल कर सकती है।

Written By Toshi Shah