आईपीएल 2026 का रोमांच अब नए मोड़ पर पहुंच चुका है। वीकेंड पर डबल हेडर के बाद अब फिर से सिंगल मैच वाले दिन दर्शकों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। आज, सोमवार 27 अप्रैल को एक अहम मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें दो बड़ी टीमें आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट में अब तक 38 मैच हो चुके हैं और जैसे-जैसे सीजन आगे बढ़ रहा है, प्लेऑफ की दौड़ और भी दिलचस्प होती जा रही है।
आज का मैच
आज शाम 7:30 बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals)और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bangalore) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। अंक तालिका की बात करें तो आरसीबी 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि दिल्ली की टीम 6 अंकों के साथ छठे पायदान पर बनी हुई है।
दिल्ली की पिछली हार
दिल्ली कैपिटल्स को अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। टीम ने 264 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन उसे बचाने में नाकाम रही। खराब फील्डिंग इस हार की बड़ी वजह बनी, जहां अहम मौकों पर कैच छोड़े गए। बल्लेबाजी में केएल राहुल ने 152 रन की शानदार पारी खेली, जबकि नितीश राणा ने 91 रन जोड़े।
आरसीबी का शानदार फॉर्म
दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शानदार लय में नजर आ रही है। टीम ने अपने पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटन्स को हराया था। इस मैच में विराट कोहली ने 81 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने भी 55 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। गुजरात के साई सुदर्शन ने शतक जरूर लगाया, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
Written By Toshi Shah