आज आईपीएल 2026 में डबल हेडर का रोमांच देखने को मिलेगा, जहां दिन में दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों मैचों में चार मजबूत टीमें आमने-सामने होंगी और प्लेऑफ की रेस को देखते हुए हर टीम के लिए ये मुकाबले बेहद अहम हैं। अब तक टूर्नामेंट में 33 मैच पूरे हो चुके हैं और जैसे-जैसे सीजन आगे बढ़ रहा है, अंक तालिका में प्रतिस्पर्धा और भी तेज होती जा रही है।

पहला मुकाबला: दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स

दिन का पहला मैच दोपहर में खेला जाएगा, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और पंजाब किंग्स (Punjab Kings) आमने-सामने होंगी। दिल्ली की टीम ने अब तक 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार दर्ज की हैं, जिससे वे अंक तालिका में छठे स्थान पर बनी हुई है। टीम का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है और उन्हें लगातार जीत की जरूरत है ताकि प्लेऑफ की दौड़ में बने रह सकें। वहीं दूसरी तरफ Punjab Kings इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम ने 6 मैचों में 5 जीत दर्ज की हैं और एक मैच बिना नतीजे के खत्म हुआ। 11 अंकों के साथ पंजाब किंग्स फिलहाल अंक तालिका में टॉप पोजिशन पर है और उनका आत्मविश्वास काफी ऊंचा है।

दूसरा मुकाबला: राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद

शाम के मैच में भिड़ंत होगी दो आक्रामक टीमों के बीच। जहां राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) आमने-सामने होंगे। राजस्थान ने अब तक 7 में से 5 मुकाबले जीतकर 10 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया है। टीम लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर मजबूत स्थिति में है। दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद ने 7 मैचों में 4 जीत हासिल कर 8 अंक जुटाए हैं और वे फिलहाल चौथे स्थान पर हैं। हाल ही में टीम के बल्लेबाज Abhishek Sharma ने तूफानी शतक लगाकर सबका ध्यान खींचा था, जिससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। राजस्थान की ओर से युवा ओपनर Vaibhav Suryavanshi पर भी फैंस की खास नजरें रहेंगी, जिनसे एक और बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

 

Written By Toshi Shah