Apple के आगामी iOS 27 अपडेट की पहली आधिकारिक झलक अब ज्यादा दूर नहीं है। कंपनी 8 जून से शुरू होने वाले WWDC 2026 इवेंट में अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम का अनावरण कर सकती है। इसके साथ iPadOS 27, macOS 27 और watchOS 27 जैसे अन्य सॉफ्टवेयर अपडेट्स से भी पर्दा उठने की संभावना है। सबसे ज्यादा चर्चा iOS 27 में आने वाले नए AI-संचालित Siri को लेकर हो रही है। इसके अलावा अपडेट से जुड़े कई संभावित फीचर्स और समर्थित iPhone मॉडलों की जानकारी भी सामने आई है।
iOS 27 में संभावित नए फीचर्स
AI आधारित नया Siri अनुभव
नई पीढ़ी का Siri पहले की तुलना में कहीं अधिक स्मार्ट हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह केवल वॉयस असिस्टेंट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि AI चैटबॉट जैसी क्षमताओं से लैस होगा। इसमें स्क्रीन पर दिखाई देने वाली जानकारी को समझने और कैमरे से मिलने वाले इनपुट का विश्लेषण करने की क्षमता भी जोड़ी जा सकती है। कुछ लीक में Siri के लिए अलग ऐप पेश किए जाने की भी चर्चा है।
फोटो एडिटिंग और कैमरा में बड़े बदलाव
iOS 27 के साथ फोटो एडिटिंग टूल्स को नई क्षमताएं मिलने की उम्मीद है। यूजर्स को Extend, Enhance और Reframe जैसे विकल्प मिल सकते हैं, जिनकी मदद से तस्वीरों में अतिरिक्त कंटेंट जोड़ा जा सकेगा और फ्रेमिंग या परस्पेक्टिव को बदला जा सकेगा। इसके अलावा Apple कैमरा ऐप में भी बड़ा अपग्रेड ला सकती है, जिसमें AI संचालित कैमरा फीचर्स और अधिक कस्टमाइजेशन विकल्प शामिल हो सकते हैं।
सैटेलाइट आधारित कनेक्टिविटी
नई अपडेट में सैटेलाइट कम्युनिकेशन फीचर्स को और बेहतर बनाए जाने की संभावना है। ऐसे में नेटवर्क कवरेज न होने पर भी यूजर्स संदेश भेज और प्राप्त कर सकेंगे। Apple Maps में भी सैटेलाइट से जुड़े नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। हालांकि, ऐसी सुविधाएं सभी मॉडलों के बजाय केवल चुनिंदा नए iPhone डिवाइसों तक सीमित रह सकती हैं।
किन iPhone मॉडलों को मिलेगा iOS 27?
सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक iOS 27 का सपोर्ट iPhone 12 सीरीज और उसके बाद लॉन्च हुए मॉडलों को मिलने की उम्मीद है। इसमें iPhone 12, iPhone 13, iPhone 14, iPhone 15, iPhone 16 और iPhone 17 सीरीज शामिल हो सकती हैं। वहीं iPhone 12 से पुराने डिवाइस इस अपडेट से वंचित रह सकते हैं।
Written By Toshi Shah