UP News: यूपी के फतेहपुर जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां एक युवक ने अपनी साली को लेकर भागते समय पीछा कर रहे ससुराल पक्ष के लोगों पर कार चढ़ा दी। इस घटना में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानें पूरा विवाद

जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक सोनी करीब एक सप्ताह पहले अपनी नाबालिग चचेरी साली को लेकर फरार हो गया था। इस मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए 12 अप्रैल रविवार को पुलिस चौकी में पंचायत बुलाई गई, लेकिन बातचीत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका।

ससुरालियों पर आरोपी जीजा ने चढ़ाई कार

पंचायत खत्म होने के बाद दीपक अपनी साली को कार से लेकर जा रहा था। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोग उसका पीछा करने लगे और कोरवां के पास उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दीपक ने तेज रफ्तार में कार ससुरालियों पर चढ़ा दी। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई।

साली की शादी बना दोनों पक्षों में विवाद का कारण

परिजनों के अनुसार, दीपक अपनी साली की शादी सत्यवान सोनी के साले से कराना चाहता था। इसी कारण वह उसे अपने गांव ले गया था और वहीं शादी भी करवा दी थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और बढ़ गया, जो इस हिंसक घटना में बदल गया।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ममता देवी की हालत गंभीर बनी हुई है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 3 टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतकों के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।

 Writen By: Geeta Sharma