बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अप्रैल 2026 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अब राज्यसभा सदस्य की भूमिका निभा रहे हैं। इसी बीच जनता दल (यूनाइटेड) ने 21 जून को पटना में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित करने का फैसला किया है। पार्टी की ओर से इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में होगी बैठक
यह कार्यक्रम पटना स्थित जेडीयू के प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, पूरे दिन विभिन्न स्तरों की संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला चलेगा, जिनमें राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी भाग लेंगे।
इन मुद्रो पर होगा चर्चा
बैठक का एक प्रमुख एजेंडा नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर राष्ट्रीय परिषद की औपचारिक स्वीकृति देना है। इसके अलावा पार्टी की आगामी कार्ययोजना, संगठन को मजबूत बनाने के उपाय और भविष्य की राजनीतिक दिशा पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कब से कब तक होगी बैठक?
सुबह 10:00 बजे से 10:30 बजे तक निवर्तमान राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। उसके बाद सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की जाएगी। सुबह 11:45 बजे से बिहार की नवगठित राज्य परिषद की बैठक की जाएगी। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे से 4:00 बजे तक नव-निर्वाचित राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। वही, पार्टी का खुला अधिवेशन 4 बजे से 5 बजे तक होगा।
इस बैठक में प्रमुख पदाधिकारी भी रहेंगे मौजूद
इस आयोजन में राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद के सदस्यों के अलावा पार्टी के विभिन्न स्तरों के प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और "सात निश्चय-3" के लक्ष्यों को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया जाएगा। साथ ही विकसित बिहार के विजन को आगे बढ़ाने के लिए संगठनात्मक रोडमैप पर भी चर्चा होने की संभावना है।
Written By Toshi Shah