विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल सहित 22 विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करने और आगामी चुनावों को लेकर विपक्षी एकता को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
INDIA गठबंधन की बैठक में विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता शामिल
बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) और आम आदमी पार्टी (आप) ने बैठक से दूरी बनाए रखी। दोनों दलों ने कांग्रेस पर भरोसा तोड़ने और राजनीतिक सहयोग में अपेक्षित समर्थन न देने के आरोप लगाए हैं।
बैठक में विपक्ष ने भाजपा सरकार पर बढ़ती महंगाई को लेकर कसा तंज
बैठक की शुरुआत करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्षी दलों ने संसद में एकजुट होकर भाजपा के कई विवादित और दुर्भावनापूर्ण विधेयकों का प्रभावी विरोध किया है। उन्होंने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को गंभीर बताते हुए कहा कि इन समस्याओं के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। खरगे ने सभी नेताओं से अपने विचार रखने और भविष्य की रणनीति पर सुझाव देने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाने के लिए अखिलेश यादव को आमंत्रित किया।
सभी प्रमुख दलों ने बैठक में लिया हिस्सा
बैठक में शामिल प्रमुख दलों में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, झारखंड मुक्ति मोर्चा, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, एनसीपी (शरद पवार गुट), शिवसेना (UBT), वाम दलों सहित कई क्षेत्रीय पार्टियां शामिल हैं। गठबंधन आगामी विधानसभा चुनावों और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा के खिलाफ एक मजबूत और संगठित विपक्षी मोर्चा प्रस्तुत करने की दिशा में काम कर रहा है।
भाजपा की ओर से लगाए गए पोस्टर बने चर्चा का विषय
इस बीच, बैठक से पहले दिल्ली में भाजपा की ओर से लगाए गए पोस्टर भी चर्चा का विषय बने। पोस्टरों में INDIA गठबंधन के नेताओं द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ दिए गए पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए विपक्षी एकता पर सवाल उठाए गए। पोस्टरों में लिखा गया कि जो नेता आपस में ही मतभेद रखते हैं, वे देश के स्तर पर एकजुट होकर कैसे लड़ेंगे। राजनीतिक हलकों में इन पोस्टरों को लेकर भी बहस तेज हो गई है।
2 वर्षों बाद हो रही INDIA गठबंधन की आधिकारिक बैठक
करीब 2 वर्षों बाद हो रही INDIA गठबंधन की आधिकारिक बैठक को विपक्षी राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि यह गठबंधन भविष्य में किस प्रकार की साझा रणनीति तैयार करता है और भाजपा के मुकाबले अपनी राजनीतिक ताकत को किस तरह मजबूत करता है।
Written By: Geeta Sharma