किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए सिर्फ प्यार ही नहीं, बल्कि सही तरीके से बातचीत करना भी बेहद जरूरी होता है। कई बार लोग गुस्से, नाराजगी या मजाक में ऐसी बातें कह देते हैं, जो सामने वाले को अंदर तक चोट पहुंचा सकती हैं। शब्दों का गलत इस्तेमाल रिश्तों में दूरियां पैदा कर सकता है। इसलिए यह जानना जरूरी है कि पार्टनर से बातचीत करते समय किन बातों से बचना चाहिए।
रिश्ते पर अफसोस जताना नुकसानदायक
कभी भी अपने साथी से यह न कहें कि आपको इस रिश्ते में आने का पछतावा है। गुस्से में बोले गए ऐसे शब्द सामने वाले का भरोसा तोड़ सकते हैं और रिश्ते की नींव कमजोर कर सकते हैं। चाहे बहस कितनी भी बड़ी क्यों न हो, इस तरह की बातें रिश्ते में लंबे समय तक दर्द छोड़ जाती हैं।
आर्थिक स्थिति और करीबी लोगों पर टिप्पणी न करें
अपने पार्टनर की कमाई, नौकरी या पैसों को लेकर ताना मारना गलत आदत है। आर्थिक मामलों को लेकर मजाक या कटाक्ष व्यक्ति के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा सकता है। इसके अलावा उनके परिवार या दोस्तों के बारे में गलत बोलना भी रिश्ते में तनाव पैदा कर सकता है, क्योंकि ये लोग उनके जीवन का अहम हिस्सा होते हैं।
कमजोरियों को मजाक न बनाएं
हर इंसान की कुछ न कुछ कमजोरियां और असुरक्षाएं होती हैं। ऐसे में पार्टनर की कमियों का मजाक उड़ाना उन्हें भावनात्मक रूप से चोट पहुंचा सकता है। एक अच्छे रिश्ते की पहचान यही है कि दोनों लोग एक-दूसरे को समझें, सम्मान दें और मुश्किल समय में सहारा बनें। इसलिए बोलने से पहले हमेशा सोचें, क्योंकि कई बार एक गलत शब्द भी रिश्ते में बड़ी दूरी पैदा कर सकता है।
Written By Toshi Shah