Akhilesh Yadav on Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद सीएम ममता बनर्जी द्वारा इस्तीफा न देने के फैसले से सियासी उथल-पुथल मचा हुआ है। वहीं भाजपा ने सीएम ममता के इस्तीफा न देने के मुद्दे को असंवैधानिक करार दिया है। दूसरी तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी का खुलकर समर्थन किया है।

अखिलेश ने ममता बनर्जी का किया समर्थन

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि जब चुनाव प्रक्रिया पर ही सवाल उठ रहे हों,तो इस्तीफे की मांग का कोई सवाल नहीं बनता। उन्होंने कहा,जब चुनाव ही लुट गया तो इस्तीफा की क्या बात? उनके इस बयान ने विपक्षी राजनीति को एक नया मोड़ दे दिया है।

7 मई को पश्चिम बंगाल जाएंगे अखिलेश

अखिलेश यादव ने यह भी जानकारी दी कि वह शुक्रवार,7 मई को पश्चिम बंगाल जाएंगे और ममता बनर्जी से मुलाकात कर पूरे मामले पर चर्चा करेंगे। यह दौरा विपक्षी एकजुटता के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। उन्होंने ममता बनर्जी के संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि दीदी कितनी बड़ी लड़ाई अकेले लड़ रही थीं। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि मतगणना का लाइव सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किया जाए,ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

'भाजपा वाले वोट लूट रहे हैं'

इस पूरे विवाद के बीच महिला मुख्यमंत्री के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए,लेकिन वह महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये आरक्षण लूट रहे हैं, वोट लूट रहे हैं,जिससे राजनीतिक माहौल खराब हो गया है।

'2027 में सपा सत्ता में वापसी करेगी'

वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी अखिलेश यादव ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि 2012 की तरह 2027 में भी उनकी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। साथ ही अखिलेश ने कार्यकर्ताओं और जनता से एकजुट होकर लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की।

Written By: Geeta Sharma