HPDA Haripur Residential Scheme: दिल्ली-एनसीआर में घर लेने वालों के लिए अच्छी खबर है । बता दें कि हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (HPDA) बहुप्रतीक्षित 'हरिपुर आवासीय योजना' अगले दो महीनों में धरातल पर उतरने के लिए तैयार है। शासन को भेजी गई छह महीने की कार्ययोजना में इस परियोजना को शीर्ष प्राथमिकता पर रखा गया है। पहले चरण के लिए प्रस्तावित 32 एकड़ जमीन में से 31 एकड़ पर प्राधिकरण ने कब्जा ले लिया है, जबकि बची हुई 1 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है।

तीन चरणों में होगा विस्तार
भविष्य की आवासीय और व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एचपीडीए ने योजना को तीन चरणों में विकसित करने का खाका तैयार किया है।
पहला चरण: 32 एकड़ में प्राथमिक विकास कार्य और भूखंड आवंटन।
दूसरा चरण: 55 एकड़ क्षेत्र में अतिरिक्त आवासीय सुविधाएं।
तीसरा चरण: 77 एकड़ तक विस्तार कर आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित करना।

दिल्ली-NCR के खरीदारों पर नजर
इस योजना का खास फोकस दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के खरीदारों पर रहेगा। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, आधुनिक सुविधाएं और दिल्ली-नोएडा के मुकाबले संभावित रूप से किफायती दरें इसे घर खरीदारों के लिए आकर्षक बना सकती हैं। HPDA को उम्मीद है कि बेहतर कनेक्टिविटी के चलते इस परियोजना में NCR से बड़े स्तर पर निवेश आएगा।

मुख्यमंत्री कर सकते हैं शिलान्यास
परियोजना के औपचारिक शुभारंभ के लिए HPDA मुख्यमंत्री से शिलान्यास का समय मांग रहा है। HPDA सचिव अमित कादियान के अनुसार, योजना को अंतिम रूप दिया जा चुका है और शासन की कार्यसूची में शामिल करने के साथ ही मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है। प्राधिकरण की प्राथमिकता शिलान्यास के तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू करना और इसके बाद RERA समेत अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना है। यानी आने वाले समय में हापुड़ की यह योजना दिल्ली-NCR के घर खरीदारों और निवेशकों के लिए एक अहम विकल्प बन सकती है। 

और पढे़ं: दिल्ली-एनसीआर को मिलेगी नई रफ्तार! रिठाला-कुंडली और नोएडा मेट्रो एक्सटेंशन पर तेज हुई तैयारी, लाखों यात्रियों को होगा फायदा 

Written by Shailesh Yadav