किसी खास इंसान का अचानक जिंदगी से दूर हो जाना बेहद मुश्किल एहसास होता है। चाहे रिश्ता प्यार का हो या गहरी दोस्ती का, उसके खत्म होने के बाद खालीपन महसूस होना स्वाभाविक है। पुरानी यादें बार-बार परेशान करती हैं और मन में यह उम्मीद बनी रहती है कि शायद सब कुछ फिर से पहले जैसा हो जाए। लेकिन जिंदगी किसी एक रिश्ते के खत्म होने से खत्म नहीं होती। खुद को थोड़ा समय देकर और कुछ जरूरी बदलाव अपनाकर इस दर्द से धीरे-धीरे बाहर निकला जा सकता है।
अपनी भावनाओं को महसूस करें, छिपाएं नहीं
रिश्ता टूटने के बाद दुख, गुस्सा या अकेलापन महसूस होना बिल्कुल सामान्य है। खुद को हर समय मजबूत दिखाने की कोशिश में अपनी तकलीफ को दबाना सही नहीं होता। जब मन भारी हो तो रो लें, किसी करीबी से अपने दिल की बात करें या अपनी भावनाओं को लिखकर बाहर निकालें। अपनी भावनाओं को स्वीकार करना ही आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी है।
पुरानी यादों में बार-बार न उलझें
ब्रेकअप के बाद सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब हम बार-बार पुरानी तस्वीरें, मैसेज या सोशल मीडिया प्रोफाइल देखते रहते हैं। इससे बीती हुई बातें फिर से याद आने लगती हैं और आगे बढ़ना मुश्किल हो जाता है। कुछ समय के लिए दूरी बनाना बेहतर विकल्प है। जरूरत पड़े तो चैट को हटाने की जगह आर्काइव कर सकते हैं या सोशल मीडिया पर उन्हें म्यूट कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Love at First Sight: पहली नजर का प्यार या सिर्फ आकर्षण? वैज्ञानिकों ने खोल दिया राज
खुद को नई चीजों में व्यस्त रखें
खाली समय अक्सर पुराने रिश्ते की यादों को वापस ले आता है। इसलिए खुद को सकारात्मक कामों में व्यस्त रखना जरूरी है। कोई नई स्किल सीखें, किताब पढ़ें, घूमने जाएं, एक्सरसाइज करें, खाना बनाना सीखें या कोई ऐसा शौक अपनाएं जिसमें आपका मन लगे। धीरे-धीरे आपका ध्यान पुरानी बातों से हटकर अपनी जिंदगी पर आने लगेगा।
अपने लोगों के करीब रहें
मुश्किल समय में खुद को अकेला कर लेना समस्या को और बढ़ा सकता है। अपने दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताएं। उनसे बातचीत करें, अपनी परेशानियां साझा करें और उनके साथ अच्छे पल बिताने की कोशिश करें। अपनों का साथ मन को मजबूत बनाने में काफी मदद करता है।
खुद को हर गलती के लिए जिम्मेदार न ठहराएं
रिश्ता खत्म होने के बाद कई लोग खुद को ही दोष देने लगते हैं। उन्हें लगता है कि शायद सारी गलती उनकी थी। लेकिन किसी भी रिश्ते को निभाने की जिम्मेदारी दोनों लोगों की होती है। पुरानी गलतियों से सीख लें, लेकिन खुद को लगातार दोष देकर परेशान न करें। अपने साथ भी वही अपनापन रखें जो आप किसी अपने के लिए रखते हैं।
खुद को ठीक होने का पूरा समय दें
हर इंसान के लिए आगे बढ़ने का समय अलग होता है। कोई जल्दी संभल जाता है तो किसी को ज्यादा वक्त लगता है। इसलिए खुद पर जल्दी सामान्य होने का दबाव न बनाएं। धीरे-धीरे अपनी जिंदगी में नई खुशियों और नए अनुभवों को जगह दें। समय के साथ दर्द कम होगा और आप पहले से ज्यादा मजबूत महसूस करेंगे।
Written by Rozi Sinha