झारखंड के रामगढ़ जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी गांव के पास रामगढ़-बोकारो राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर कोयले से लदे ट्रक और एक यात्री वाहन की आमने-सामने की टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
यात्री वाहन में ताशा पार्टी के सदस्य थे सवार
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। यात्री वाहन में ताशा पार्टी के सदस्य सवार थे और किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे अधिकांश लोगों की घटनास्थल पर ही जान चली गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि कुल आठ लोगों को लाया गया था, जिनमें से सात को मृत घोषित कर दिया गया।
यातायात सामान्य कराने का प्रयास
पुलिस के अनुसार, मृतकों में राजरप्पा थाना क्षेत्र के मरांगमार्चा गांव के निवासी भी शामिल हैं। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रशासन लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास कर रहा है।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। गौरतलब है कि इसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ दिन पहले भी एक सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें बस और ऑटो की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
Written By Toshi Shah